May 24, 2024

हर घर तिरंगा का संदेश लेकर पूर्व सैनिकों ने झज्जर में निकाली तिरंगा यात्रा

0

झज्जर / 9 अगस्त / न्यू सुपर भारत

आजादी के अमृत महोत्सव श्रृंखला के तहत हर घर तिरंगा मुहिम में अब जनभागीदारी बढऩे लगी है। झज्जर शहर में मंगलवार को सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग के समन्वय से पूर्व सैनिकों ने उमंग व उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा निकाल कर आगामी 13-14-15 अगस्त को राष्ट्रव्यापी हर घर तिरंगा मुहिम के तहत अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज लहराने के लिए प्रेरित किया।

तिरंगा यात्रा में शामिल पूर्व सैनिकों का झज्जर शहर में जगह-जगह स्वागत हुआ और लोगों ने हर घर तिरंगा मुहिम में बढ़-चढक़र भागीदारी करने का संकल्प लिया।डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने लघु सचिवालय परिसर स्थित संवाद भवन में यात्रा में शामिल हुए पूर्व सैनिकों का स्वागत किया। इससे पहले झज्जर के एसडीएम एवं डीएमसी रविंद्र कुमार ने सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग के जिला कार्यालय स्थित युद्ध स्मारक से तिरंगा यात्रा को रवाना किया।

सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग के जिला कल्याण अधिकारी विंग कमांडर एनसी शर्मा के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों ने झज्जर के ऐतिहासिक टाउन हाल पर भी तिरंगे लहराए। इस इमारत पर वर्ष 1922 में स्वतंत्रता सेनानी पंडित श्रीराम शर्मा, राव मंगली राम व हरि सिंह जैन ने तिरंगा लहराया था। भारत के इतिहास में दर्ज उस घटना के 100 साल बाद पूर्व सैनिकों ने टाऊन हाल पर तिरंगे लहराकर राष्ट्र के प्रति प्रेम व तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया।

भारत माता की जय, जय हिंद के जयघोष के साथ यह यात्रा सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग के जिला कार्यालय से महर्षि दयानंद स्टेडियम, शहीद रविंद्र छिक्कारा चौक, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक, टाउन हॉल, मेन बाजार, सिलानी गेट होते हुए लघु सचिवालय परिसर स्थित संवाद भवन पहुंची। तिरंगा यात्रा में शामिल पूर्व सैनिकों का जोश देखते ही बन रहा था। यात्रा अपने निर्धारित समय से पहली ही संवाद भवन पहुंच गई।

देश के लिए विभिन्न लड़ाइयों में भागीदारी करने वाले पूर्व सैनिक सेवा के दौरान मिले मेडल लगाकर तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।तिरंगा यात्रा में सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग के कल्याण अधिकारी सोमबीर सिंह, सतनारायण, सोमदेव, शमशेर, बिजेंद्र ठाकरान, दिलबाग सिंह, रणबीर सिंह व रामबीर आदि भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *