May 24, 2024

लोकसभा क्षेत्र के सांसद डा अरविंद शर्मा बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में करेंगे शिरक्त

0

झज्जर / 21 दिसंबर / न्यू सुपर भारत

 जिला मुख्यालय स्थित महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम में  जिला स्तरीय गीता महोत्सव 2023 भव्य रूप से मनाया जाएगा, जिसके लिए स्टेडियम ‘गीतापुरम’ के रूप में सजकर तैयार है। इस बार दो दिन तक चलने वाले गीता जयंती महोत्सव में शुक्रवार 22 दिसंबर व शनिवार 23 दिसंबर को अध्यात्म, संस्कृति व कला के दिव्य और अनूठे संगम की झलक दिखाई देगी, जिसके लिए जिला प्रशासन व संबंधित विभाग द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह जानकारी डीसी कैप्टन शक्ति  सिंह ने गुरुवार को यहां दी। महोत्सव के पहले दिन बतौर मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय सचिव औमप्रकाश धनखड़ गीता महोत्सव का गीता पूजन व दीप प्रज्ज्वलन कर विधिवत रूप से शुभारंभ करेंगे।

वहीं 23 दिसंबर को रोहतक लोकसभा क्षेत्र के सांसद डा अरविंद शर्मा बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में भाग लेंगे। दो दिन तक चलने वाले कार्यक्रम प्रात: दस बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेंगे। डीसी ने महोत्सव की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि गीता जयंती महोत्सव के भव्य व सफल आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां व प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि गीता महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए सामाजिक औऱ धार्मिक संगठनों व जिला के विभिन्न विद्यालयों और संबंधित विभागों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

विभागीय प्रदर्शनी देगी ‘अंत्योदय’ व जनकल्याण को समर्पित योजनाओं व सेवाओं की जानकारी

जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव में नागरिकों को गीता के ज्ञान के साथ-साथ सरकार की सेवाओं और योजनाओं का लाभ लेने का अवसर भी मिलेगा। महोत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा एक ही स्थान पर दो दर्जन से अधिक स्टॉल लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि गीता जयंती महोत्सव के दौरान आम नागरिकों को एक तरफ जहां प्रदर्शनी में अध्यात्म, संस्कृति व कला की की झलक दिखाई देगी वहीं दूसरी तरफ विभिन्न विभाग नागरिकों को सरकार की ओर से लागू की गई ‘अंत्योदय’ व जनकल्याण को समर्पित योजनाओं व सेवाओं के लिए जागरूक किया जाएगा।

नगर शोभा यात्रा में अनेक झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र
 डीसी कैप्टन शक्ति  सिंह  ने बताया कि गीता जयंती महोत्सव के समापन अवसर पर नगर शोभा यात्रा के दौरान विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संगठनों द्वारा मनोहारी झांकियां निकाली जाएंगी,जोकि श्रद्धालुओं व धर्म प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। नगर शोभा यात्रा शहर के कुलदीप सिंह चौक से शुरू होगी,जोकि शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए शहर के मुख्य बाजार होते हुए वापिस महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम में पंहुचेगी।

यह रहेगा नगर शोभा यात्रा का रूट प्लान
 नगर शोभा यात्रा शहर के कुलदीप सिंह चौक से शुरू होकर मेन बाजार,डा भीमराव अंबेडकर चौक,पुराना बस स्टैंड,शहीद लेफ्टिनेंट रविंद्र छिकारा चौक होते हुए आयोजन स्थल महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम परिसर में आकर समाप्त होगी। नगर शोभा यात्रा संगठनों द्वारा जगह जगह भव्य स्वागत अभिनंदन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *