May 24, 2024

डावला में सिपाही विनोद कुमार की राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि

0

झज्जर / 12 नवंबर / न्यू सुपर भारत

पश्चिमी बंगाल के सिलीगुड़ी में बीएसएफ में तैनात सिपाही विनोद कुमार की उनके पैतृक गांव डावला में  शनिवार की सांय राजकीय सम्मान के साथ अन्तेयष्टि कर दी गई। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने विनोद कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्प चढाकर नमन किया,वहीं जिला प्रशासन की ओर से भी नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार ने श्रद्धांजलि दी। बीएसएफ और पुलिस की टुकडी ने शस्त्र झुका कर दिवंगत विनोद कुमार को सलामी दी। विनोद कुमार का पार्थिव शरीर शनिवार को जैसे ही डावला गांव  पहुंचा, तो हर कोई अपने लाडले सपूत को देखने उमड पड़ा।

गौरतलब है कि गांव डावला निवासी विनोद कुमार सुपुत्र श्री प्रकाश का जन्म 5 अप्रैल 1975 को हुआ था। उनका बचपन से ही सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने का सपना था,लिहाजा वे बीएसएफ में भर्ती होकर फिलहाल सिलीगुड़ी में भारत माँ की रक्षा में तैनात थे। शुक्रवार को उन्हें ड्यूटी के दौरान दिल का दौरा पडऩे से निधन हो गया।

ग्रामीणों ने बताया कि विनोद कुमार(48)  एक निर्भीक और हंसमुख प्रवर्ति के इंसान थे और हरेक मुश्किल कार्य  को करने के लिए आतुर रहते थे । शनिवार को विनोद कुमार का पार्थिव शरीर उनके  पैतृक गांव डावला पहुंचा तो,हर किसी की आंखें नम हो गई और जब तक सूरज चांद रहेगा विनोद कुमार तेरा  नाम रहेगा,भारत माता की जय जैसे गगनभेदी नारों के बीच उनका  अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीणों ने नम आंखों से अपने होनहार बेटे को अश्रुपूर्ण विदाई दी।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि हरियाणा प्रदेश सैनिकों की खान है और सेनाओं में हर दसवां जवान हरियाणा की माटी से ताल्लुक रखता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में देश और प्रदेश की सरकारेें सैनिकों और उनके आश्रितों के मान -सम्मान को कटिबद्ध हैं। उन्होंने भारत मां के सपूत को सलाम करते हुए युवा पीढी को देश सेवा के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने दिवंगत विनोद कुमार के बेटे आशीष कुमार को जीवन में आगे बढऩे का आर्शीवाद दिया। उन्होंने स्वर्गीय सिपाही विनोद की पत्नी बिमला देवी और समस्त परिजनों को ढांढस बंधाया और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि पीडित परिवार पर जो दुखों का पहाड टूट पड़ा  है, भगवान दुख की इस घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।

सिपाही विनोद कुमार की अंतिम संस्कार यात्रा में बादली से विधायक कुलदीप वत्स,पूर्व विधायक नरेश शर्मा,संजय कबलाना, क्षेत्र के अनेक संगठनों के पदाधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लेकर नम आंखों से विनोद कुमार को अंतिम  विदाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *