May 25, 2024

बदलते मौसम में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढा कर रोगों से बचा जा सकता है – डॉ0 सोमा चक्रवर्ती

0

नारायणगढ़ / 8 नवम्बर / न्यू सुपर भारत

बदलते मौसम में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढा कर रोगों से बचा जा सकता है। इस बारे में नागरिक अस्पताल नारायणगढ़ की एचएमओं डॉ0 सोमा चक्रवर्ती ने बताया कि रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में जीवन शैली में बदलाव भी बेहद आवश्यक है। उन्होने कहा कि नागरिक अस्पताल के आयुष विभाग की होम्योपैथिक ओपीडी में प्रतिदिन काफी संख्या में रोगी उपचार करवाने आते है।

यहां न केवल उनका इलाज किया जाता है बल्कि उन्हें अपनी दिनचर्या में सही बदलाव, सही रहन-सहन, योग एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता को कैसे बढाया जाए, उसके बारे में भी परामर्श दिया जाता है। इसके साथ ही बिमारी की रोकथाम हो, सही इलाज एवं परामर्श दिया जाता है। रोगियों को दवाईयों के साथ सहायक युक्तियों के लिए भी प्रोत्साहित किया जाता है। सकारात्मक सोच बनाए रखने के लिए भी उन्हें प्रेरित किया जाता है।  

डॉ0 सोमा चक्रवर्ती ने बताया कि होम्योपैथी अनुवांशिक कारक से लेकर विशिष्ट संभावित कारको तक विचार करती है। उपचार का उदे्श्य सबसे गहरे स्तर पर उपचार को प्रोत्साहित करना है और स्वास्थ्य में एक सौम्य वापसी करनी है। मौसमी फल, सब्जियों, घर में उपयोग होने वाले मसालों के बारे में लोगों को जानकारी दी जा रही है।

बदलते मौसम में शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए कारगर उपायों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इन दिनों में फास्ट फूड व तली हुई चीजों का सेवन न करें।

निरोगी शरीर के लिए ताजा बने भोजन का सेवन करना चाहिए व पानी का उचित मात्रा में सेवन करें। बदलते मौसम में शाम का खाना जल्दी लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए खाली पेट योग व प्राणायाम अवश्य करना चाहिए। वहीं अपने भोजन में जौ, मूंग की दाल, आंवला, दूध तथा शहद का सेवन करना चाहिए। इसके अतिरिक्त शरीर को निरोग रखने के लिए सात से आठ घंटे की नींद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *