May 18, 2024

हर घर तिरंगा मुहिम को लेकर हरियाणावासियों ने दिखाया जोश : जोगी राम सिहाग

0

बेरी / 15 अगस्त / न्यू सुपर भारत

आजादी के अमृत महोत्सव श्रृंखला के तहत बेरी उपमंडल में 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खेल स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन हुआ। बरवाला से विधायक जोगी राम सिहाग मुख्य अतिथि के तौर पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया, परेड का निरीक्षण किया, मार्च पास्ट की सलामी ली और युद्ध वीरांगानाओं, उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित किया। इससे पहले उन्होंने हरियाणा के पहले मुख्यमंत्री स्व. पंडित भगवत दयाल शर्मा के स्मारक पर पुष्प अॢपत कर नमन किया।

विधायक ने अपने संबोधन में देश व प्रदेश की उपलब्धियों की विकासगाथा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिला झज्जर वीर सैनिकों, प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों और मेहनती किसानों की भूमि है। स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्टï्रीय पर्व पर धर्म नगरी बेरी में ध्वजारोहण करना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि जो कौमें अपने सेनानियों, अपने शहीदों को याद नहीं रखतीं, उनका अस्तित्व मिट जाया करता है। इसी उद्देश्य से सन 1857 की क्रांति के शहीदों की स्मृतियों को सहेजने के लिए अम्बाला छावनी में शहीदी स्मारक का निर्माण किया जा रहा है।

विधायक ने कहा कि बड़े ही गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज पूरा देश ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मना रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 13 से 15 अगस्त तक देशभर में ‘हर घर में तिरंगा’ की अनूठी मुहिम चलाई है। हरियाणावासियों ने भी उसी जोश और जज्बे के साथ अपने 60 लाख घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया है, जिस जोश व जज्बे के साथ हम अपने जवानों को सरहद पर भेजते आए हैं। हरियाणा प्रदेश में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मनाने के लिए अब तक 10 हजार से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं और हम यह महोत्सव मनाने में देश में पहले स्थान पर हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के जवानों ने सदैव अपने खून से इतिहास लिखा है। आज भी हमारी सेना में हर दसवां जवान हरियाणा से है। दुनिया में झज्जर इकलोता ऐसा जिला है जहां के दो सैनिकों को विक्टोरिया क्रॉस सम्मान मिला। गांव ढ़ाकला के रिसलदार बदलू सिंह व गांव पलड़ा के कैप्टन उमराव सिंह को उनकी बहादुरी के लिए विक्टोरिया क्रॉस का सम्मान मिला था।

विधायक ने कहा कि अपने शहीदों के बलिदानों का कर्ज तो नहीं चुका सकते, लेकिन उनके परिजनों की देखभाल करके उनके प्रति अपनी कृतज्ञता अवश्य जता सकते हैं। स्वतंत्रता दिवस का यह पावन पर्व अपनी उपलब्धियों का जश्न  मनाने के साथ-साथ आत्म-विश्लेषण करने का भी दिन है। यह दिन हमें यह सोचने का अवसर देता है कि 75 वर्ष के इस कालखंड में हमने क्या हासिल किया है। नि:संदेह आजादी के बाद राष्ट्र ने उल्लेखनीय प्रगति की है।

वर्तमान सरकार ने ई-गवर्नेंस के जरिए व्यवस्था परिवर्तन कर सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की जो मुहिम शुरू की है। वह परिवार पहचान-पत्र तक पहुंच चुकी है। इसके तहत सभी परिवारों के परिवार पहचान-पत्र बनाए जा रहे हैं। इस एकमात्र दस्तावेज से सभी योजनाओं और सेवाओं का लाभ अब पात्र व्यक्ति को घर बैठे ही मिलने लगा है। परिवार पहचान-पत्र के पोर्टल से सभी योजनाओं व सेवाओं को साथ जोड़ा जा रहा है।

विधायक ने कहा कि सरकार ने सबसे गरीब लोगों का जीवन-स्तर ऊंचा उठाने के लिए ‘मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना’ शुुरू की है। इसके तहत सबसे गरीब परिवारों की पहचान करके उनकी वार्षिक आय कम से कम 1.80 लाख रुपये की जा रही है। अब तक 30 हजार परिवारों को रोजगार के लिए ऋण व अन्य सहायता दी है। वर्तमान सरकार ने प्रदेश के हर क्षेत्र का समान विकास किया है। इस दिशा में पूरे प्रदेश में बड़ी-बड़ी परियोजनाएं स्थापित की हैं।

प्रदेश में 17 नए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किये गये हैं। इनमें से 6 का कार्य पूरा हो चुका है। इन सभी राजमार्गों के बन जाने के बाद प्रदेश के हर जिले से कम से कम एक राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरेगा।
उन्होंने  कहा कि खेलों में हमारे खिलाडिय़ों ने ओलम्पिक व अन्य अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रदेश में गत जून माह में ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021’ का सफ ल आयोजन किया गया

हमारे खिलाडिय़ों ने इन खेलों में 137 पदक जीतकर देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। हाल ही में बर्मिंघम में हुए कॉमनवैल्थ गेम्स में भारत को मिले 61 पदकों में से 20 पदक हमारे खिलाडिय़ों ने जीते हैं। इनमें 17 पदक व्यक्तिगत स्पर्धा के और 3 टीम स्पर्धा के शामिल हैं। झज्जर जिले के गांव खुड्डन के बजरंग पूनिया, गांव छारा के दीपक पूनिया व माजरा(डी) से साक्षी मलिक कादियान ने कुश्ती में सोने के तमगे तथा गांव धांधलान के बॉक्सर सागर अहलावत ने चांदी का तमगा जीतकर देश का नाम दुनिया में रोशन किया।

एसडीएम रविंद्र कुमार ने मुख्य अतिथि का बेरी पहुंचने पर स्वागत किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न स्कूलों की टीमों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। हरियाणा पुलिस, एनसीसी आदि ने मार्च पास्ट किया। परेड कमांडर डीएसपी राहुल देव ने परेड का नेतृत्व किया। विधायक जोगीराम सिहाग ने कार्यक्रम में पहुंचे स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों के परिजनों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देने वाली टीम, उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों व उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन मनीष शर्मा, जेजेपी नेता उपेंद्र कादियान, संजीव कादियान, प्रदीप अहलावत, नरेश धौड़, बिल्लू चेयरमैन, दिनेश शर्मा, स्कवाडर्न लीडर शेर सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। स्थानीय प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार अशोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *