June 2, 2024

पोषण मेले में दी सही पोषाहार की जानकारी

0

सोलन / 25 सितम्बर / न्यू सुपर भारत न्यूज़

महिला एवं बाल विकास विभाग सोलन द्वारा पोषण माह के अंतर्गत आंगनबाड़ी वृत्त कुमारहट्टी में जिला स्तरीय पोषण मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में आंगनबाड़ी पर्यवेक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा सहायिकाओं द्वारा विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई। इस पोषण मेले में जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र तेगटा तथा आयुर्वेद विभाग की चिकित्सक डाॅ. सीमा गुप्ता ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। 

सुरेन्द्र तेगटा ने कहा कि सोलन जिला में पोषण अभियान को सफल बनाने और सभी को स्वस्थ रखने के लिए विभिन्न स्तरों पर व्यापक कार्य किया जा रहा है। जिला के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में जहां महिलाओं को पोषण अभियान की व्यवहारिक जानकारी दी जा रही है वहीं उन्हें यह भी बताया जा रहा है कि स्थानीय स्तर पर कौन-कौन से पौष्टिक आहार उपलब्ध हैं। 

उन्होंने कहा कि जिला के 1281 आंगनबाड़ी केन्द्रों में पोषण के संबंध में जानकारी सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। प्रत्येक माह में आयोजित होने वाले विभिन्न सत्रों में महिलाओं को स्तनपान के महत्व से अवगत करवाया जा रहा है और शिशु एवं बच्चों को दिए जाने वाले पौष्टिक आहार की उचित मात्रा की जानकारी दी जा रही है।

आयुर्वेद विभाग की चिकित्सक डाॅ. सीमा गुप्ता ने पोषण मेले में संतुलित आहार के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि शिशु के सुनहरे एक हजार दिनों के दौरान उसके स्वास्थ्य की देखरेख तथा अच्छे पोषण का ध्यान रखना आवश्यक है।

आंगनबाड़ी वृत्त पर्यवेक्षिका भूमिका जग्गी ने कोविड-19 से निपटने के लिए लोगों को मास्क पहनने, सुरक्षित सामाजिक दूरी का पालन करने, बार-बार हाथ धोने तथा अच्छा पोषण ग्रहण करने पर जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर सशक्त महिला समूह के उपस्थित सदस्यों ने पोषण माह बैठक में अपने आसपास के समुदाय को पोषण हेतु जागरूक करने की शपथ ली। 
कार्यक्रम में कुमारहटी, चेवा, खेल, बसेर, हिम्मतपुर, हरिपुर की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। 

इस अवसर पर पोषाहार प्रदर्शनी भी लगाई गई। जिसमें पारंपरिक भोजन की पोषकता के बारे में उपस्थित जन समूह को जानकारी दी गई। इसी कड़ी में कंडाघाट विकास खंड की 118 आंगनवाड़ी केन्द्रों में विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित की गई। आंगनबाड़ी केन्द्रों में पोषण रैली, पोषाहार प्रदर्शनी तथा स्वच्छता बारे जानकारी प्रदान की गई। 

नालागढ़ विकास खंड की 445 आंगनवाड़ी केंद्रों में आंगनबाड़ी स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। नालागढ़ में पोषण पंचायत का आयोजन करवाया गया। कम वजन वाले जन्में बच्चों, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं के पोषाहार सम्बन्धी जानकारी प्रदान की गई। 
सोलन विकास खंड के अन्तर्गत विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रों पर लोगों को पोषण माह के तहत सम्पूर्ण पोषाहार तथा स्वछता के बारे में जागरूक किया गया। लोगो को शिशु के 1000 स्वर्णिम दिनों के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की गई। गर्भवती महिलाओं तथा धात्री माताओं को टीकाकरण, प्रसव पूर्व जांच तथा स्तनपान के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। 

पोषण माह के अंतर्गत कुनिहार विकास खंड के अर्की के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया जिसमें लोगों को सही पोषण देश रोशन के नारे के साथ इसकी महत्ता बताई गई। 

बाल विकास परियोजना अधिकारी सोलन डाॅ. पदम देव, ग्राम पंचायत चेवा के उप प्रधान मुकेश, सचिव किरण कुमार, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता विमला, आशा कार्यकर्ता, सशक्त महिला समूह के सदस्य इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *