June 16, 2024

बंगाणा में ग्रामीण विकास मंडल खुलने से विकास कार्यों में आएगी तेज़ीः कंवर

0

ऊना / 14 फरवरी / न्यू सुपर भारत

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने बंगाणा में ग्रामीण विकास विभाग का मंडल स्वीकृत करने के लिए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे विकास कार्यों में तेज़ी आएगी।

उन्होंने कहा कि नया मंडल बनने पर यहां अधिशाषी अभियंता कार्यालय बनेगा, जिससे न सिर्फ जिला ऊना, बल्कि हमीरपुर व बिलासपुर जिलों को भी लाभ होगा तथा इससे ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से किए जाने विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ेगी। ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि आज ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के माध्यम से करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। बड़ी-बड़ी सड़कें, पुल तथा अन्य विकास परियोजनाएं ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से धरातल पर उतारी जा रही हैं।

लेकिन अभी तक 10 लाख से अधिक लागत के विकास कार्यों की तकनीकी स्वीकृति धर्मशाला मंडल कार्यालय से होती थी तथा वहां पर काम का बोझ अधिक होने की वजह से कई बारे स्वीकृति आने में देरी होती थी, जिससे विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। अब नया डिवीजन कार्यालय बंगाणा में खुलने से विकास कार्यों के कार्यान्वयन में सुविधा होगी।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास मंडल बंगाणा कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रदेश सरकार का एक उपहार है, जिसके लिए कुटलैहड़ की समस्त जनता मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का धन्यवाद व्यक्त करती है। कंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री का कुटलैहड़ प्रवास सफल रहा है तथा जय राम ठाकुर ने कुटलैहड़ विस क्षेत्र के लिए विकास के लिए सरकार का खजाना खोल दिया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *