May 18, 2024

महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 3 लाख रुपए का ऋण उपलब्ध करवाएगी सरकार

0

झज्जर / 5 जुलाई / न्यू सुपर भारत  

हरियाणा सरकार ने प्रदेश की महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए एक नई योजना की शुरुआत की है। हरियाणा मातृशक्ति उद्यमिता के नाम से शुरू की गई इस योजना के माध्यम से सरकार की ओर से पात्र जरूरतमंद महिलाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए 3 लाख रुपए का ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा।

डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा विभिन्न प्रकार की योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता से लेकर स्वरोजगार स्थापित करने में सहायता प्रदान की जाती है। इसी सोच के साथ हरियाणा सरकार द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में ऐसी ही एक हरियाणा मातृशक्ति उद्यमिता योजना को शुरू किया है। योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया जाता है।

उन्होंने बताया कि हरियाणा मातृशक्ति उद्यमिता योजना का लाभ महिलाओं को केवल तभी प्रदान किया जाएगा जब उनकी पारिवारिक आय 5 लाख या फिर इससे कम हो। यह योजना महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने में की दिशा में बेहद कारगर सिद्ध होगी तथा योजना के माध्यम से महिलाओं के जीवन स्तर में भी सुधार आएगा। योजना का मु य उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए ऋण उपलब्ध करवाना है

इस योजना के माध्यम से महिलाओं को 3 लाख तक का ऋण 7 प्रतिशत की ब्याज दर पर उपलब्ध करवाया जाएगा। इस ऋण के माध्यम से प्रदेश की महिलाएं स्वरोजगार स्थापित कर सकेंगी एवं दूसरे नागरिकों को भी रोजगार प्रदान कर सकेंगी। यह योजना देश की महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाएगी।

डीसी ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए महिला हरियाणा की स्थाई निवासी होनी चाहिए। उसकी आयु 18 वर्ष से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वह पूर्व के किसी ऋण मामले में डिफाल्टर ना हो। महिला की पारिवारिक आय 5 लाख या इससे कम होनी चाहिए। आवेदक महिला का नाम परिवार पहचान पत्र में दर्ज होना अनिवार्य है।

महिलाओं को योजना का लाभ लेने के लिए परिवार पहचान पत्र, फैमिली आईडी, ट्रेनिंग प्रमाण पत्र यदि हो तो, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आयु का प्रमाण, पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी आदि लगाने होंगे। इस बारे में अधिक जानकारी हरियाणा महिला विकास निगम लिमिटेड पंचकूला से प्राप्त की जा सकती है।
                                         

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *