May 3, 2025

स्कूली बच्चों ने प्रस्तुत किये शानदार कार्यक्रम

0

फतेहाबाद / 6 अगस्त / न्यू सुपर भारत  

आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला और हर घर तिरंगा अभियान के तहत शनिवार को सुबह स्थानीय पपीहा पार्क के सामने जिला और पुलिस प्रशासन द्वारा राहगिरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जहां एक तरफ बच्चे बड़े और जवान देशभक्ति गीतों पर झूमें वहीं दूसरी और नागरिकों को देश के निर्माण के लिए नशे से दूर रहने और सिंगल यूज प्लस्टिक और पालीथिन का प्रयोग नहीं करने का आह्वान किया गया।

डीसी प्रदीप कुमार ने राहगिरी कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उपायुक्त ने नागरिकों से 13 से 15 अगस्त के बीच अपने अपने घरों, दुकानों व अन्य प्रतिष्ठानों पर तिरंगा लगाने का आह्वान किया।

हर घर तिरंगा अभियान को लेकर लोगों में उत्साह इस कदर था कि सुबह 6 बजे ही लोग पपीहा पार्क के सामने एकत्रित हो गए थे। देखते ही देखते सैंकड़ों की संख्या में लोग राहगिरी में शामिल हो गए। राहगिरी कार्यक्रम का नजारा देखते ही बन रहा था। हर वर्ग के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थी।

राहगिरी का मुख्य आकर्षण बुजुर्ग महिला द्वारा ठेठ हरियाणवी नृत्य की प्रस्तुति रही। इसी प्रकार विजय सोनी ने देशभक्ति व नशे के खिलाफ अपनी प्रस्तुति पर खूब तालियों बटोरी। डीएवी पुलिस लाइन स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पंजाबी गिद्दा पर जोरदार व मनमोहक नृत्य किया। इसी प्रकार से सेंट जॉन इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों व स्टाफ सदस्यों द्वारा कार्यक्रम में उनके द्वारा चलाए जा रहे पालीथिन व सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने के बारे विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने अधिकारियों व राहगिरी में शामिल लोगों को पर्यावरण संरक्षण को लेकर थैले भी वितरित किए।

खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग से खिलाडिय़ों ने बॉक्सिंग और जुडो खेल का डेमो की जोरदार प्रस्तुति दी और स्वस्थ रहने का संदेश दिया:-कार्यक्रम के दौरान लोग ये देश है वीर जवानों का, मेरे देश की धरती सोना उगले, उगले हीरे मोती आदि गीतों पर खूब झूमे। अपनी-अपनी प्रस्तुति से युवाओं ने संदेश दिया कि भारत देश महान है और महान रहेगा।

हम देश की आन-बान और शान पर कोई आंच नहीं आने देंगे। कार्यक्रम में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग से फूल सिंह की भजन पार्टी ने भी सामाजिक बुराईयों को दूर करने पर आधारित भजनों की प्रस्तुति दी।

अपने संदेश में डीसी प्रदीप कुमार ने कहा कि देश की आजादी हमें बहुत बड़ी कुर्बानी के बाद मिली है। हमारे अंदर देश के प्रति समर्पण की भावना का होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे देश की शान है। हमें हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने घरों पर तिरंगा बड़े ही गर्व के साथ फहराना है। इसके साथ साथ दूसरों को भी तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है।

तिरंगे से बढक़र हमारे लिए कुछ नहीं है। कार्यक्रम के दौरान डीसी व अन्य अधिकारियों ने अपने-अपने हाथों में तिरंगा और नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान में बढ चढ़ कर शामिल होने का संदेश दिया।

इस दौरान एसडीएम राजेश कुमार, नगराधीश सुरेश कुमार, जिला परिषद अतिरिक्त सीईओ और बीडीपीओ अमित कुमार, अधीक्षण अभियंता ओपी बिश्नोई, डीएसपी चंद्रपाल, नायब तहसीलदार राजेश गर्ग, जीएम रोडवेज शेर सिंह व टीएम विनोद कुमार, डीएसओ सतविंद्र गिल, डीएफओ राजेश कुमार, एसएचओ जगदीश, राजेश मोंगा, सत्यवान, भीम सिंह, नरेंद्र, अमीलाल, सुंदर सिहाग, कोच विनीत दून, अनिल कुमार, मोहित गोदारा, सेंट जॉन स्कूल प्राचार्य डूक जोल, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा विभिन्न स्कूलों से स्टाफ सदस्य व शहरवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *