June 17, 2024

कार्यकर्ता उंगलियों पर याद रखें केंद्र व प्रदेश सरकार के काम :धूमल

0

भोरंज / 08 अगस्त / न्यू सुपर भारत

पार्टी कार्यकर्ता को केंद्र और प्रदेश सरकार के तमाम जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी होनी चाहिए। कार्यकर्ता पार्टी द्वारा आयोजित प्रशिक्षण शिविरों व अन्य बैठकों में उपलब्ध करवाई जा रही तमाम जानकारियों को संचित व स्मरण करके आगे आम जनमानस तक पहुंचाएं।  रविवार को भोरंज मंडल भाजपा द्वारा आयोजित प्रशिक्षण शिविर में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए यह बात कही। 

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की तमाम गतिविधियों को समाज की हर सरंचना तक  निपुणता से सफल बनाने का काम पार्टी का कार्यकर्ता करता है। सटीक व संपूर्ण जानकारी कार्यकर्ता को ताकत प्रदान करती है। देश और प्रदेश में भाजपा की सरकारें बेहतरीन कार्य करते हुए समाज के हर वर्ग को हर क्षेत्र को लाभ पहुंचाने की दृष्टि से उत्तम कार्य कर रही हैं। सराहनीय और ऐतिहासिक कार्य भाजपा सरकारों द्वारा किए जा रहे हैं। जिनकी जानकारी हर समय पार्टी कार्यकर्ता के पास होनी चाहिए। 

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता को यदि अपना बूथ सबसे मजबूत करना है तो उसको अपने संगठन, अपनी पार्टी और पार्टी की सरकार से जुड़ी हर गतिविधि, हर उपलब्धि और हर योजना की जानकारी सदैव रखनी चाहिए। विपक्ष और विरोधी दलों के दुष्प्रचार से भ्रमित आम व्यक्ति यदि अपनी शंका के निवारण के लिए पार्टी कार्यकर्ता से कोई बात पूछे तो जानकारी के अभाव में कार्यकर्ता उस व्यक्ति की शंका का दूर ना कर पाए, ऐसा कदापि नहीं होना चाहिए।

 प्रोफेसर धूमल ने कहा कि देश में जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी है, तब से निरंतर देश में  हर वर्ग  और हर क्षेत्र के विकास और उत्थान की जो गाथा लिखी जा रही है उसका साक्षी बनना  स्वयं में एक बड़े सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में बेहतरीन काम हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *