June 16, 2024

अधिक से अधिक पौधरोपण करना ही पर्यावरण संरक्षण का एकमात्र अचूक उपाय : सरदान निशान सिंह

0

फतेहाबाद / 05 जून / न्यू सुपर भारत

जननायक जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शनिवार को भूना रोड स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पौधारोपण किया और आमजन को पर्यावरण संरक्षण की अपील की।


जजपा प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा से जीवन को बचाया जा सकता है। पर्यावरण व जीवन के बीच अटूट रिश्ता है। इस संबंध को हमेशा बेहतर बनाये रखने के लिए लोगों को आगे आने होगा तभी मानव जीवन सुरक्षित रहेगा।

उन्होंने कहा कि वृक्षों की कटाई जिस अनुपात में हो रही है उस हिसाब से पचास प्रतिशत भी पौधरोपण नहीं हो रहा है। इससे धरती पर लगातार तापमान बढ़ रहा है। उन्होंने हरित पर्यावरण व मानव जीवन में स्वास्थ्य के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक होने का आह्वान किया। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पॉलिथीन मानव जीवन के लिए बहुत ही नुकसानदेह है। हर स्तर पर पॉलिथीन का बहिष्कार किया जाना चाहिए।


सरदार निशान सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला सहित देश-प्रदेश के अन्य नेतागण भी पर्यावरण संरक्षण के लिए नागरिकों को जागरूक करते हैं और पॉलिथीन से होने वाले नुकसान के बारे में अवगत कराते हैं। हम सभी को भी पर्यावरण संरक्षण में अपना अपेक्षित सहयोग देना चाहिए। आज हम लोगों की जीवनशैली में बहुत बदलाव आया है। अधिक से अधिक पौधरोपण करना ही पर्यावरण संरक्षण का एकमात्र अचूक उपाय है।

उन्होंने कहा कि पौधे लगाना कोई बड़ी बात नहीं बल्कि उसे संपोषित कर बड़ा करना एक बड़ी बात है। पर्यावरण को अगर सुरक्षित रखना है तो पौधरोपण करना जरूरी है। हर इंसान को अपने जीवन में पौधे लगाना चाहिए ताकि आगे आने वाली पीढ़ी बढ़ रहे प्रदूषण से मुकाबला कर सके। उन्होंने कहा कि लगातार वृक्षों के कटने से पर्यावरण को नुकसान हो रहा है।

पेड़ों से कई तरह की जड़ी-बूटियां मिलती हैं। पेड़ों से ऑक्सीजन मिलने के कारण ही हम जीवित हैं। इस अवसर पर जजपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र लेगा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेन्द्र बिल्ला, वरिष्ठ नेता पवन चुघ, युवा नेता विकास मेहता, जितेन्द्र गिल्ल सहित पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *