June 16, 2024

महिलाओं को बस किराए में 50 प्रतिशत छूट, 125 यूनिट तक बिजली बिल शून्यः कंवर

0

ऊना / 26 अप्रैल / न्यू सुपर भारत

ग्रामीण विकास एवं पचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने आज बंगाणा में कहा कि जय राम सरकार ने जन हित में अनेकों निर्णय लिए हैं। महिलाओं को एचआरटीसी की बसों में 50 प्रतिशत  किराए में छूट दी है, इसके अलावा 125 यूनिट तक प्रतिमाह बिजली की खपत करने वाले उपभोक्ताओं को बिजली बिल पूरी तरह माफ कर बड़ी राहत प्रदान की है। साथ ही सरकार ने 60 वर्ष से ऊपर के लोगों को बिना आय सीमा के 1 अप्रैल 2022 से पेंशन सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है।

वीरेंद्र कंवर ने कहा कि यह सभी निर्णय आम आदमी को राहत प्रदान करने के लिए लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान सरकार के गत साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल के दौरान विकास को एक विशेष गति मिली है जिसके परिणाम स्वरूप कृषि, बागवानी व पर्यटन के क्षेत्र में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र को समूचे प्रदेश में एक विशेष पहचान हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि कृषि, पशुपालन तथा बागवानी विभाग की अनेक योजनाओं को क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं ने स्वरोजगार के रूप में अपनाया है।  

वीरेंद्र कंवर ने बताया कि सरकार के वर्तमान कार्यकाल में कुटलैहड़ विस क्षेत्र में 150 करोड़ रुपए पेयजल योजनाओं पर तथा 200 करोड़ रुपए सड़कों पर खर्च किए जा चुके हैं। सरकार के वर्तमान कार्यकाल में प्रत्येक घर तक पीने के स्वच्छ पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है तथा भविष्य में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में प्रत्येक किसान के खेत तक सिंचाई की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।

इससे पूर्व उन्होंने विश्राम गृह थानांकला में जन समस्याएं सुनी।इस अवसर पर जिला परिषद ऊना के उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, ऊना जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, जिला भाजपा सचिव सतीश धीमान, कोषाध्यक्ष कैप्टन मलकीत सिंह, जिला भाजपा एससी मोर्चा के अध्यक्ष सूरम सिंह, कुटलैहड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष तरसेम लाल व उपाध्यक्ष कैप्टन महेंद्र सिंह, कुटलैहड़ भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष बलवंत वर्मा, कुटलैहड़ भाजपा कार्यालय सचिव राजेंद्र रिंकू, पंचायत समिति बंगाणा के अध्यक्ष देव राज, प्रधान ग्राम पंचायत मुच्छाली विजय शर्मा व उप प्रधान अजय शर्मा सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *