June 17, 2024

अंतराष्ट्रीय धर्म पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज के विभिन्न होटलों व गेस्ट हॉउसों में ठहरे 48 विदेशी पर्यटकों को मंगलवार को कड़े सुरक्षा प्रबंधों में दिल्ली भेजा

0

धर्मशाला / 31 मार्च / विक्रम चंबियाल

अंतराष्ट्रीय धर्म पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज के विभिन्न होटलों व गेस्ट हॉउसों में ठहरे 48 विदेशी पर्यटकों को मंगलवार को कड़े सुरक्षा प्रबंधों में दिल्ली भेजा गया। हिमाचल सरकार व विदेश मंत्रालय की पहल के चलते यह संभव हो पाया है।

हिमाचल प्रदेश ऐसा पहला राज्य है जिसने जिला कांगड़ा में ठहरे विदेशी पर्यटकों को उनके देश वापिस भेजने का प्रबंध किया है। इनमें फ्रांस के 26 पर्यटकों का एक दल भी शामिल था। केंद्रीय गृह मंत्रालय की पहल के चलते विदेशी पर्यटकों को उनके संबंधित देशों को वापिस भेजने के लिए मंगलवार को दिल्ली वापिस भेजा गया।

यूरोप के विभिन्न देशों के 100 से अधिक विदेशी पर्यटक देश में लॉकडाउन शुरू होने के कारण जिला कांगड़ा के विभिन्न होटलों व गेस्ट हॉउसों में ठहरे थे। उन्हें वापिस दिल्ली ले जाने के लिए दिल्ली स्थित जर्मन व् फ्रांस दूतावास के अधिकारी सोमवार देर शाम तीन वॉल्वो बसें लेकर धर्मशाला पहुंचे थे।

दिल्ली स्थित जर्मन व् फ्रांस के दूतावास के अधिकारियों ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर उन विदेशी पर्यटकों की एक सूचि सौंपी थी जिसे विदेश मंत्रालय ने स्वीकृत किया था। एसएसपी विमुक्त रंजन ने बताया कि फ्रांस, जर्मनी व् बेल्जियम के 48 पर्यटकों को दिल्ली दूतावास से धर्मशाला पहुंचे अधिकारियों की कड़ी निगरानी में दिल्ली भेजा गया है। इन दूतावासों के अधिकारियों ने विदेश मंत्रालय से विशेष अनुमति ली थी।

हिमाचल में लॉकडाउन में फंसे हैं 340 पर्यटक
हिमाचल में कोरोनावायरस के कारण लगे कर्फ्यू और लॉकडाउन में लगभग 340 पर्यटक फंसे हैं। इनमें से 100 भारतीय और 240 विदेशी पर्यटक हैं। सबसे अधिक विदेशी पर्यटक जिला कांगड़ा में हैं जिनकी संख्या 100 से अधिक है। इसके अतिरिक्त 69 भारतीय पर्यटक कुल्लू में जबकि 29 विदेशी पर्यटक फंसे हैं। सिरमौर में 9 विदेशी पर्यटक फंसे हैं। इनमें से दो रूस के, दो अमेरिका के हैं जबकि फिनलैंड, नीदरलैंड, फ्रांस और दुबई से 1-1 पर्यटक फंसे हुए हैं।

इसके अलावा पर्यटन विभाग विदेशी पर्यटकों को तलाशने और उनके बारे में पूरी जानकारी एकत्र करने की कवायद में भी जुटा हुआ है। डीटीडीओ कांगड़ा सुनयना शर्मा ने बताया कि जिला कांगड़ा में 100 के लगभग विदेशी पर्यटक विभिन्न होटल व् गेस्ट हाउस में रुके थे। जिनकी जानकारी एकत्रित कर विदेश मंत्रालय को सूचित किया गया था। पर्यटन विभाग के कर्मचारी इन सभी विदेशी पर्यटकों के संपर्क में हैं। दिल्ली स्थित दूतावास अधिकारी धर्मशाला पहुंचे हैं और वो इन्हें वापिस ले जाने के लिए जिला प्रशासन के सहयोग से कार्य कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *