June 2, 2024

विधायक दुड़ा राम के नेतृत्व में शहर फतेहाबाद में निकली हर घर तिरंगा यात्रा

0

फतेहाबाद / 13 अगस्त / न्यू सुपर भारत

आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में शुक्रवार को फतेहाबाद के विधायक दुड़ा राम ने शहर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाली। यह यात्रा विधायक के कार्यालय से शुरू होकर लाल बत्ती चौक से होते हुए फव्वारा चौक, थाना रोड, जवाहर चौक से चिल्ली वाली धर्मशाला पर सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान विधायक के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा, जगदीश शर्मा, अवतार मोंगा, अशोक जाखड़ सहित पार्टी पदाधिकारियों ने देशभक्ति नारे लगाते हुए आमजन को हर घर तिरंगा अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।

विधायक दुड़ा राम ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में देश भर में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। भारत का राष्ट्रीय ध्वज देश के गौरव एवं मूल्यों का प्रतीक है। देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सरकार की ओर से इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा फहराने का निर्णय लिया है।

अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस वाले सप्ताह में 13 से 15 अगस्त के दौरान देश में सभी घरों पर तिरंगा फहराने की परिकल्पना की गई है। उन्होंने जिला वासियों से आह्वान किया कि वे अपने घर हो या दुकान उन पर तिरंगा जरूर फहराएं, ताकि राष्ट्र के इस महापर्व में जिला की ओर से अधिक से अधिक भागीदारी हो। नागरिक इस मुहिम में बढ़ चढक़र भाग लें और अपने-अपने घरों पर तिरंगा झंडा अवश्य फहराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *