लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से बब्याल से चन्दपुरा के बीच टांगरी नदी पर बनाये जा रहे पुल के निर्माण कार्य को निर्धारित अवधि से पहले ही कर लिया जायेगा पूरा

अम्बाला / 23 अगस्त / न्यू सुपर भारत
छावनी क्षेत्र में विकास कार्यों की झड़ी लगी है, जिन पर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इन्ही निर्माण कार्यों में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से बब्याल से चन्दपुरा जाने वाले रास्ते में टांगरी नदी पर बनाया जा रहा पुल भी लोगों के लिये बड़ी राहत लेकर आने वाला है।
करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बनाये जा रहे इस पुल के निर्माण कार्य का 90 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। अप्रोच रोड का कार्य 50 प्रतिशत से अधिक पूरा कर लिया गया है। शेष कार्य को आगामी दिसम्बर तक पूरा करने के चलते, लोगों की जरूरतों को देखते हुए इस कार्य को आगामी अक्तूबर तक ही पूरा कर लिया जायेगा।
इस विषय को लेकर कार्यकारी अभियंता निशांत ने जानकारी दी कि इस पुल के बनने से चन्दपुरा, बब्याल, रामपुर, सरसहेड़ी, महेशनगर के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। इस पुल के निर्माण कार्य में अन्य कार्यों की तरह गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के लिये अधिकारियों को पहले ही निर्देश दिये जा चुके हैं। वैसे तो गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के प्रयासों से छावनी क्षेत्र में विकास कार्य पूरे जोरों पर है, लेकिन यह पुल को समय से पहले ही बनकर तैयार हो जायेगा।
इसका श्रेय विशेष रूप से गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को तो जाता ही है, साथ ही उन अधिकारियों को भी जाता है जो मेहनत और लग्न के साथ मिले निर्देशों की अनुपालना में इस पुल के निर्माण कार्य को निर्धारित समय से पहले ही कार्य रूप में परिणत करने वाले हैं। चूंकि चल रहे विकास कार्यों को लेकर गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज समय-समय पर कार्यों की समीक्षा करके अधिकारियों का मार्गदर्शन भी करते रहते हैं।
कार्यकारी अभियंता निशांत ने बताया कि मंत्री अनिल विज के मुख्य प्रोजैक्टों में से यह प्रोजैक्ट भी एक है। इस पर निर्माण कार्य निरंतरता में जारी है। लोगों को आवागमन के लिये टांगरी नदी के बीच से जाना पड़ता था, लेकिन इस पुल के निर्माण कार्य के पूरा होने से सम्बन्धित क्षेत्र के लोगों को सीधा फायदा पंहुचेगा। यातायात की व्यवस्था तो सुचारू होगी ही, साथ ही उनको आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी नही होगी।
उन्होंने बताया कि इस पुल की लम्बाई निर्धारित व्यवस्था के तहत की गई है और इसकी चौड़ाई करीब 7 मीटर है। हर प्रकार की ट्रैफिक आ-जा सकेगी। पुल के बनने से बब्याल से चन्दपुरा, सरसहेड़ी की ओर जाने वाले लोगों को महेशनगर से घूमकर नही आना पड़ेगा बल्कि वे पुल के माध्यम से सीधे जा सकेंगे।