June 16, 2024

जिला स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम का कैबिनेट मंत्री ने पौधा लगाकर किया शुभारंभ

0

टोहाना / 19 जुलाई / न्यू सुपर भारत

कैबिनेट मंत्री देवेन्द्र सिंह बबली ने कहा कि पेड़ पौधों का मनुष्य के जीवन में बड़ा महत्व है। उन्होंने पूरे प्रदेश वासियों को वन महोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि हम सब को अपने जीवन में पेड़ अवश्य लगाना चाहिए। वन विभाग द्वारा मंगलवार को जिला स्तरीय वन महोत्सव लघु सचिवालय परिसर, टोहाना में मनाया गया। इस अवसर पर 10 हजार पौधे निशुल्क बांटे गए व 5 हजार पौधे सडक़ों व नहरों पर लगाए गए। हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने लघु सचिवालय परिसर में पौधा लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कुरुक्षेत्र से संबोधित किया, जिसका सीधा प्रसारण जिला व उपमंडल स्तर पर देखा गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वन महोत्सव के अवसर पर संबोधित करते हुए पूरे प्रदेश वासियों को वन महोत्सव की शुभकामनाएं दी। उन्होंने वन महोत्सव के अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी मंगल पांडे को याद करते हुए नमन किया।

उन्होंने कहा कि वन महोत्सव की शुरुआत देश के पहले कृषि मंत्री कन्हैया लाल माणिक ने पेड़ों को बचाने के लिए शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि वनों से मनुष्य का सदियों से रिश्ता रहा है, मनुष्य ने अपने जीवन की शुरुआत भी वनों से की थी। पेड़ों में जीवन होता है इसलिए पेड़ों में भगवान वास करता है, हमारे देश में पीपल, तुलसी व अन्य पेड़ों की पूजा भी की जाती है। इसलिए सभी को संकल्प लेना लेना चाहिए कि पौधों को बचाना है और प्रत्येक व्यक्ति को एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए।

हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने संबोधित करते हुए कहा कि वन महोत्सव का जिला स्तरीय प्रोग्राम नहरों की नगरी टोहाना में आयोजित किया जा रहा है, यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी की समस्या आई तो हमें ऑक्सीजन महत्व का पता चला। समय से पहले गर्मी या सर्दी हो जाना यह भी एक जलवायु परिवर्तन के संकेत है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में जितने किसान परिवार है सब को अपने खेतों में पेड़ अवश्य लगाने चाहिए, अगर हम पौधों नहीं लगाएंगे तो आने वाले समय में समस्या और बढ़ जाएगी। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे हर वर्ष पौधारोपण अभियान में बढ़ चढक़र भाग लें। लगाए गए पौधों के संरक्षण की भी जिम्मेवारी लें। उन्होंने कहा कि ना सिर्फ पेड़ों को लगाना है बल्कि जब तक पेड़ बड़ा ना हो जाए उसकी सुरक्षा व रक्षा भी करनी है।

उन्होंने कहा कि टोहाना शहर नहरों का शहर है, सडक़ों के किनारे व नहरों के किनारे लंबी आयु के लाखों पेड़ लगाने के लिए टीम बनाई गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में हरियाली होगी और पर्यावरण शुद्ध होगा। उन्होंने आमजन से आह्वान करते हुए कहा कि परिवार की सभी सदस्यों को एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए, ताकि पर्यावरण को बचाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने गांव लहरियां के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को एक लाख 20 हजार रुपये की राशि का चैक भी वितरित किया।


उपायुक्त प्रदीप कुमार ने मुख्यातिथि कैबिनेट मंत्री का स्वागत करते हुए अपने संबोधन में कहा कि फतेहाबाद जिले में 10 लाख पौधे लगाए जाएंगे व इसके अतिरिक्त 5 लाख पौधे निशुल्क वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण हमारे पर्यावरण को बहुत नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा हमारा मकसद है कि साल 2022 में पूरे जिले को हरा भरा बनाना, इसके लिए सभी को मिलजुलकर ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाएं व जलवायु परिवर्तन से पर्यावरण को होने वाले नुकसान से बचाना है।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टोहाना, डीएवी पब्लिक स्कूल व केएम स्कूल के बच्चों द्वारा स्वागत गीत व शानदार प्रस्तुति देकर लोगों को पौधों के महत्व को समझाते हुए जागरूक किया गया। इसके अलावा बच्चों तथा टोहाना वासियों ने पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लेकर अपेक्षित सहयोग दिया। इस अवसर पर एडीसी अजय चौपड़ा, एसडीएम डॉ. वीरेन्द्र सिंह, डीएसपी साकिर हुसैन, डीएफओ राजेश कुमार, वन राजिक अधिकारी कश्मीर सिंह, बीडीपीओ नरेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार रमेश कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी रघुबीर नैन, मनोज बबली, अर्जुन नम्बरदार, नत्थूराम, विनोद बबली, महिलाओं व बच्चों सहित गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *