May 18, 2024

हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला आज अंबाला के बलाना गांव में पहुंचे

0

अम्बाला / 31 जुलाई / न्यू सुपर भारत

हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला आज अंबाला के बलाना गांव में पहुंचे। इस दौरान जजपा जिलाध्यक्ष दलबीर सिंह पुनिया की अध्यक्षता में जजपा कार्यकर्ताओं ने दुष्यंत चौटाला का जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की उपस्थिति में पूर्व मंत्री व आम आदमी पार्टी नेता निर्मल सिंह के नजदीकी एंव किसान नेता हैप्पी अंटाल सहित कई पार्टियों से आए लोग जननायक जनता पार्टी में शामिल हुए।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि जननायक जनता पार्टी के चल रहे सदस्यता अभियान में बहुत से कार्यकर्ता इस अभियान से जुडक़र संगठन को मजबूत करने का काम कर रहे हैं। इस अभियान में दूसरे दलों के भी कार्यकर्ता जेजेपी में शामिल होकर संगठन को मजबूती दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोविड व किसान आंदोलन के दौरान भ्रम फैलाया गया था वो भ्रम दूर हो रहा है लगातार दूसरी पार्टियों से लोग आ रहे हैं।

निकाय चुनाव में भी दूसरे दलों से कार्यकर्ता जननायक जनता पार्टी में शामिल हुए थे और यह अभियान निरंतर चल रहा है और इससे संगठन को मजबूती मिल रही है। उन्होंने इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हरियाणा देश का ऐसा पहला राज्य है जहां पर यदि अवैध शराब पकड़ी जाती है तो उस व्यक्ति के साथ-साथ जहां से शराब भेजने का काम किया गया है, उस प्लांट के खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

अन्य राज्य सरकारों को भी इसका अनुसरण करना चाहिए। ऐसा करने से अवैध शराब की तस्करी पर लगाम लगेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध शराब की तस्करी को रोकने के लिये सरकार निरंतर कार्य भी कर रही है। पिछले तीन सालों में राजस्व भी बढ़ा है और यह दोगुना हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा अभी हाल ही में महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय फैसला लिया गया है। राशन डिपूओं में महिलाओं की भागीदारी को सुनिश्चित किया गया है।

पत्रकारों द्वारा पूछे गये मानसून सत्र सम्बन्धी प्रश्न का उत्तर देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कई महत्वपूर्ण बिल, विभागों की रिपोर्ट सदन में लाएंगे, विपक्ष द्वारा उठाये गये सवालों का पहले भी जवाब दिया था अब भी मजबूती से जवाब देंगे। पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इनसो इस बार 5 अगस्त को हरियाणा की बजाए राजस्थान के जयपुर में स्थापना दिवस मनाने जा रही है।

इस पर बोलते हुए उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा राजस्थान चौधरी देवी लाल जी व जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय चौटाला की कर्म भूमि रही है। वहां हरियाणा व राजस्थान दोनों जगहों के लोग आएंगे। संगठन को मजबूत बनाया जा रहा है। राजस्थान में छात्र चुनाव को हरी झंडी दी गई है और इनसो वहां चुनाव लडेगी।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पूरे देश में 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। हर व्यक्ति को अपने घर पर गर्व के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक लगाने का काम करना है। हर गांव में, गली-मोहल्लों में, सरकारी भवनों में व अन्य सभी जगहों पर हमें तिरंगा लगाकर देशभक्ति का परिचय देना है।

उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस कार्यक्रम की सफलता के लिये विकास एवं पंचायत विभाग की जिम्मेदारी लगाई गई है। खाद्य एवं पूर्ति विभाग द्वारा सभी राशन की दुकानों पर तिरंगे को उपलब्ध करवाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मैने स्वंय अपने हल्के में अपनी एक माह की सैलरी तिरंगा के लिये उपलब्ध करवाई है।

इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष जसविंदर धनौरा, हरबंस ककड़माजरा, पालाराम धनाना, महिला जिला अध्यक्ष सरबजीत कौर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश कुमारी जंडली, कृष्णा सोढ़ी, बलकार कंगवाल हल्का अध्यक्ष पंचायती राज परकोष्ट, परमजीत भडी हल्का अध्यक्ष किसान सैल, नवीन हरी, लक्की जलबेड़ा, कमल रावल, कमल राठी,प्रताप चोडमस्तपुर ,हैप्पी अंटाल, संजू चहल, जतिन्द्र अंटाल, विक्रम जीत सिंह, युवराज अंटाल, अतिंद्र अंटाल, प्रीत अंटाल, हरप्रीत चहल, संदीप चहल, दीपू बलाना, अमन चहल, विश्वजीत चहल, सिप चहल, मनदीप चहल, जतिंद्र चहल, जसबीर सिंह, लाभ सिंह, गुरविंदर चहल, संदीप अंटाल, रविन्द्र मछोंडा, जसवंत सिंह मोहड़ी, फौजी नडियाली, पलवीर पाला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *