हिमाचल प्रदेश सरकार के अतर्गत विभिन्न विभागों, बोर्डों, संस्थाओं तथा उपक्रमों को हिमपैस्को के माध्यम से सुरक्षा, तकनीकी व अन्य सेवाएं लेना अनिवार्य
हमीरपुर / 21 मार्च / एन एस बी न्यूज़
हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक निगम (हिमपैस्को) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर ने सूचित किया है कि हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक निगम (हिमपैस्को) द्वारा सुरक्षा गार्ड, आम्र्ड गार्ड, सुरक्षा सुपरवाईजर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, ड्राईवर, पीएसओ, वायरलेस ऑपरेटर, हेल्पर तथा चौकीदार इत्यादि की सेवाएं आउटसोर्स आधार पर विभिन्न विभागों, बोर्डों, संस्थाओं एवं केन्द्रीय/ राज्य सरकार के उपक्रमों को प्रदान की जा रही हैं। हिमाचल प्रदेश सरकार ने निगम को नवम्बर, 2019 से पूर्व सैनिकों की सुरक्षा व अन्य सेवाओं में आउटसोर्स आधार पर विभिन्न विभागों, बोर्डों, संस्थाओं एवं केन्द्रीय/ राज्य सरकार के उपक्रमों में सुरक्षा सेवा हेतु प्रायोजित करने के लिए नोडल एंजेसी घोषित किया है।
उन्होंने बताया कि पूर्व सैनिक कल्याण विभा, रक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार जिन राज्यों की पूर्व सैनिक निगम सुरक्षा सेवा उपलब्ध करवाने के लिए सूचीबद्ध की गई है, अब वह तकनीकी सेवाएं भी उपलब्ध करवा सकेगी। भारत सरकार रक्षा मंत्रालय निदेशालय रक्षा पुनर्वास ने हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक निगम हमीरपुर (हिमपैस्को) को सुरक्षा व अन्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए 17 सितम्बर, 2019 से 16 सितम्बर, 2022 तक की अवधि के लिए सूचीबद्ध किया गया है।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में लगभग 1 से 10 लाख पूर्व सैनिक, 33 हजार सैनिक बिधवाएं और 1000 वीर नारियां हैं और यह संख्या हर वर्ष बढ़ रही है। राज्य के अधिकतर पूर्व सैनिक लड़ाकू बलों से सम्बंध रखते हैं और उनमें अनुशासन की भावना कूट-कूट कर भरी होती है। ज्यादातर पैदल सेना से होने के कारण वह सुरक्षा, तकनीकी व अन्य सेवाओं के लिए ज्यादा उपयुक्त होते हैं। सुरक्षा सेवा के अतिरिक्त वह अग्रिशमन और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के कार्य में भी निपुण होते हैं। वीर सैनिकों ने असीमित कठिन परिस्थितियों में राष्ट्र के लिए त्याग और बलिदान के अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किए हैं। डिफैंस सेवाओं के दौरान पूर्व सैनिक, एयरका्रफट, शिपस, सबमैनर्स, गनस, टैंकस, वैपन सिस्टम, हैवी व्हीकल्स एवं मशीनरीज व कंपलैस सिस्टम को भी हैंडल करते हैं।
हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक निगम ने वर्तमान में 95 विभिन्न विभागों, बोर्डों, संस्थाओं एवं केन्द्रीय/ राज्य सरकार के उपक्रमों को समझौता अनुबंध एवं समझौता ज्ञापन के आधार पर सुरक्षा व अन्य सेवाएं उपलब्ध करवा रहा है। इस निगम को हिमाचल प्रदेश सरकार से एकल निविदा को लेने की भी सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा निगम वैधानिक प्रवधानों जैसे इपीएफ, इएसआई, डब्ल्यूसीआई, जीएसटी तथा श्रम कानूनों इत्यादि की अनुपालना करता है। इस प्रकार निगम प्रमुख नियोक्ता को एक परेशानीमुक्त तथा देनदारी रहित सेवा प्रदान कर रहा है।
इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रदेश सरकार के अतर्गत आने वाले विभिन्न विभागों, बोर्डों, संस्थाओं तथा राज्य सरकार के उपक्रमों को हिमपैस्को के माध्यम से सुरक्षा, तकनीकी व अन्य सेवाएं लेना अनिवार्य घोषित किया है। यदि किसी कारणवश कोई संस्थान हिमपैस्को से सुरक्षा व अन्य सेवाएं नहीं ले पाए तो ऐसी परिस्थिति में हिमपैस्को से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने के उपरांत ही अन्य किसी एजेंसी से सुरक्षा सेवाएं प्राप्त कर सकता है।