May 18, 2024

10 अगस्त को सुबह 9 बजे से निकाली जाएगी भव्य ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा: चेयरमैन सुभाष बराला

0

टोहाना / 9 अगस्त / न्यू सुपर भारत

आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा तिरंगा यात्रा एवं हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष भी 9 अगस्त से यह अभियान शुरू किया गया है। जिसके अंतर्गत कल 10 अगस्त को टोहाना विधानसभा में एक भव्य ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यह जानकारी हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन सुभाष बराला ने आज टोहाना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दी।

  चेयरमैन सुभाष बराला ने बताया कि देश की आजादी के लिए अपनी कुर्बानी देने वाले वीर शहीदों को याद करने, देशवासियों में देशभक्ति की प्रेरणा भरने के उद्देश्य से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर भारतीय जनता पार्टी हर वर्ष तिरंगा यात्रा, पैदल तिरंगा यात्रा व हर घर तिरंगा अभियान चलाती है। उन्होंने कहा कि 10 अगस्त को सुबह 9 बजे से रेलवे रोड स्थित अनाजमंडी में सैंकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, किसान व आम नागरिक एकजुट होंगे तथा सैंकड़ों ट्रैक्टर्स पर सवार होकर तथा हाथों में तिरंगे को लहराते हुए टोहाना शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकालेंगे। उन्होंने बताया कि यह अभियान 15 अगस्त तक जारी रहेगा। इस तिरंगा यात्रा के दौरान देश की सेवा में शहीद हुए वीर जवानों के जन्मभूमि की मिट्टी को कलश में भरकर तिरंगा यात्रा में शामिल किया जाएगा। बाद में यही मिट्टी का कलश दिल्ली में राष्ट्रीय स्मारक स्थल पर सम्मान स्वरूप भिजवाया जाएगा। इसके अलावा शहीदों की याद में पौधे भी लगाए जाएंगे।

   चेयरमैन सुभाष बराला ने कहा कि देश को आजाद करवाने में लाखों देशवासियों ने अपनी कुर्बानियां दी है। 14 अगस्त को बंटवारे के दिन जो विभीषिका हुई, उसे देश आज तक नहीं भूल पाया है। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस के उपलक्ष्य में फतेहाबाद में आयोजित होने जा रहे एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करने पहुुंचेंगे। उन्होंने कहा कि अंग्रेजो भारत छोड़ो अभियान के तर्ज पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भ्रष्टाचार भारत छोड़ो का नारा देकर राष्ट्र को सशक्त बनाने का काम किया है। राष्ट्र के प्रति हमेशा संवेदनशील व कर्मनिष्ठ रहना हर भारतीय का दायित्व है। इस दौरान जिला महामंत्री जगदीश मान रिंकू व शहरी महामंत्री बलदेव सैनी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *