May 18, 2024

श्रीमद् भगवत गीता हमें जीवन में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते रहने की देती है प्रेरणा : देवेंद्र सिंह बबली

0


-कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने पंचायत भवन परिसर से नगर शोभा यात्रा को झंडी दिखाकर किया रवाना


-नगर शोभा यात्रा का शहर फतेहाबाद में विभिन्न जगहों पर हुआ भव्य स्वागत


फतेहाबाद, 4 दिसंबर / न्यू सुपर भारत न्यूज़।

हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने रविवार को जिला स्तरीय गीता महोत्सव के तहत निकाली जाने वाली नगर शोभा यात्रा को पंचायत भवन परिसर से झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरी जहां पर नागरिकों व सामाजिक-धार्मिक संगठनों ने भव्य स्वागत किया। इससे पहले विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने गीता महोत्सव में विभिन्न विभागों और सामाजिक-धार्मिक संगठनों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी सराहना भी की।


कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने श्रीमद् भगवत गीता के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर सबके सुख की कामना की और कहा कि गीता हमें कर्म के बारे में ज्ञान देती है। उन्होंने हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री मनोहर लाल का धन्यवाद किया कि जिला स्तर पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर गीता महोत्सव के प्रचार प्रसार को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि हम बड़े सौभाग्यशाली है कि भगवान श्री कृष्ण ने कुरूक्षेत्र की पावन धरा पर गीता का ज्ञान दिया। गीता हमें कर्म के मार्ग पर चलने का संदेश देती है। पवित्र ग्रंथ गीता हमें जीवन में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते रहने की नई प्रेरणा देती है। व्यक्ति के जीवन में अंधकार या कठिनाई होती है तो गीता हमें राह दिखाती है। गीता के छोटे से सार को पढऩे के बाद हमारे जीवन के हर संशय को दूर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संपूर्ण मानवता का ग्रंथ गीता में ही समाहित है। गीता हमारे जीवन की पाठशाला है। हम इसे पढक़र अपने जीवन की सही राह पर आगे बढ़ सकते हैं। प्रत्येक व्यक्ति की सामाजिक और पारिवारिक जिम्मेवारियों के अलावा राष्ट्र के प्रति भी जिम्मेवारियों को निभाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम सबका दायित्व है कि पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण आदि में काम करें।


कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि हमारा जिला धान और गेहूं की फसल बोने वाला है। यहां के किसानों ने अबकी बार पराली न जलाकर उसका प्रबंधन किया है, जो काबिले तारीफ है। उन्होंने कृषि विभाग व जिला प्रशासन से कहा कि वे ब्लॉक स्तर पर जागरूकता कैंप आयोजित करें और लोगों को पराली प्रबंधन बारे जानकारी दें। उन्होंने कहा कि नशा करना और बेचना एक सामाजिक और कानूनी बुराई है। नशा के विरूद्ध हम सभी को काम करना है। प्रदेश सरकार भी नशे की बिक्री करने वाले लोगों पर सख्ती बरत रही है। खास कर युवाओं से आह्वान करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि युवा इस नशे की बुराई से दूर रहे और अपनी ऊर्जा का सकारात्मक प्रयोग करें।
उन्होंने कहा कि सामाजिक बुराईयों को खत्म करने के काम जनता के सहयोग के बिना नहीं हो सकते, इसलिए जनता सामाजिक बुराईयों को समाप्त करने, भाईचारे को बनाए रखने और विकास में अपना अपेक्षित सहयोग दें। कैबिनेट मंत्री श्री बबली ने कहा कि अभी हॉल ही में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव हुए है और पढ़ी लिखी व स्वच्छ छवि के लोग चुनकर आए है। सरकार ने उनको व्यक्तिगत रूप से शनिवार को शपथ भी दिलाई है। इसलिए जन प्रतिनिधियों से आह्वान है कि वे ग्रामीण विकास के साथ-साथ सामाजिक बुराईयों के खात्मे के लिए काम करेंगे और गांवों में भाईचारा बनाए रखेंगे। कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि हमें गीता को आत्मसात करने की आवश्यकता है और महापुरूषों ने जो मार्ग दिखाया है हमें उस मार्ग पर चलते हुए सामाजिक व धार्मिक कार्यों के अलावा विकासात्मक कार्यों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
इस अवसर पर उपायुक्त जगदीश शर्मा, जननायक जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र लेगा, जिप सीईओ कुलभूषण बंसल, पवन चुघ, टेकचंद मिढ्डा, संत कुमार टूटेजा, नरेंद्र मोंगा, दीपक सरदाना, महेंद्र सिंह वधवा, डॉ. महेंद्र मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक-धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी व क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
बॉक्स:-
नगर शोभा यात्रा का जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने पंचायत भवन से नगर शोभा यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नगर शोभा यात्रा के एक रथ में बड़ी गीता रखी गई है। इस रथ के पीछे श्री कृष्ण और अर्जुन बने छात्र रथ में सवार होकर यात्रा की शोभा बढ़ा रहे हैं। गुरूकुल वेद मताना के छात्रों ने शोभा यात्रा में श्लोकाच्चारण करते हुए साथ-साथ चल रहे हैं। शोभा यात्रा के साथ-साथ शहर के गणमान्य नागरिक व सामाजिक-धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी भी थे।
शोभा यात्रा का विभिन्न जगहों पर सामाजिक-धार्मिक संगठनों द्वारा स्वागत किया गया। शोभा यात्रा पंचायत भवन परिसर से शुरू हुई। नगर शोभा यात्रा का जाट धर्मशाला के सामने रघुनाथ मंदिर सभा द्वारा, दुर्गा मंदिर के सामने विश्व हिंदू परिषद द्वारा, लाल बत्ती चौक के पास स्वामी सदानंद प्रणामी आश्रम द्वारा, फव्वारा चौक के पास स्वामी निर्दोष सेवा ट्रस्ट द्वारा, वैद रामेश्वर के सामने जीयो गीता द्वारा, जवाहर चौक के पास सिंह सभा द्वारा, रविदास चौक के पास मेडिकल एसोसिएशन द्वारा, सूर्या इंफोटेक के पास भारत विकास परिषद द्वारा तथा अरोड़वंश चौक के पास अरोड़वंश सभा द्वारा स्वागत किया गया। सामाजिक-धार्मिक संगठनों व नागरिकों ने शोभा यात्रा पर पुष्प वर्षा की। शोभा यात्रा के साथ चल रहे नागरिकों को विभिन्न संगठनों ने प्रसाद भी वितरित किया।
बॉक्स:-
जिला रेडक्रॉस सोसायटी ने लगाया ब्लड डोनेशन कैंप
जिला स्तरीय गीता महोत्सव में रविवार को प्रदर्शनी के दौरान जिला रेडक्रॉस सोसायटी ने अपनी स्टॉल परिसर में ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन भी किया। इस कैंप का उद्घाटन हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने किया। कैबिनेट मंत्री के साथ उपायुक्त जगदीश शर्मा भी मौजूद रहे। ब्लड डोनेशन कैंप में कैबिनेट मंत्री ने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि ब्लड डोनेशन कैंप में 20 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने यहां सोसायटी द्वारा चलाए जा रहे नशा के विरूद्ध अभियान पर हस्ताक्षर किए और नागरिकों से नशा जैसी बुराईयों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा चलाए गए इस अभियान की प्रशंसा की और कहा कि यह अभियान युवाओं में नई ऊर्जा पैदा करेगा। उन्होंने इस अभियान को गांव-गांव में ले जाने को कहा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *