June 16, 2024

15 अगस्त पर हर नागरिक को देशभक्ति की भावना से सराबोर करेगा तिरंगा: उपायुक्त प्रदीप कुमार

0

फतेहाबाद / 17 जुलाई / न्यू सुपर भारत

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिंरगा’ अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत प्रदेश के हर घर, सरकारी आवासों, शिक्षण व चिकित्सा संस्थानों तथा औद्योगिक इकाईयों पर भी तिरंगा फहराया जाएगा। जिला फतेहाबाद में हर घर के लिए 3 लाख तिरंगे तैयार करवाए जाएंगे। हर घर तिरंगा अभियान से हर नागरिक को जोड़ने के लिए सभी एनजीओ, व्यापार मंडल, रेडक्रॉस, नेहरू युवा केंद्र , सामाजिक, धार्मिक व स्वयंसेवी संस्थाओं को सहयोग लेकर इसे जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा।

 ये जानकारी उपायुक्त प्रदीप कुमार ने वीसी के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल को दी। वीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों के निर्देश देते हुए कहा कि देश को आजादी अतुल्य बलिदान के बाद मिली है, जिसके लिए हर भारतीय में गर्व की भावना होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि इस अभियान में समाज का हर वर्ग शामिल होगा। प्रत्येक घर के साथ-साथ सभी दुकानों, सरकारी भवनों, कार्यालयों, निजी व सरकारी संस्थाओं पर तिरंगा फहराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान को और अधिक भव्य बनाने के लिए छोटे व बड़े अपनी जेब पर तिरंगे का बैज और अपने वाहनों पर तिरंगा लगाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान में शामिल होने के लिए अन्य राजनीतिक दलों से अपील की जाएगी। यह अभियान राष्ट्र को समर्पित है, ऐसे हर नागरिक को इसमें भाग लेने के आगे आना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के हर घर पर एकसाथ नजर आने वाला तिरंगा देश विरोधी ताकतों के लिए एक शख्त संदेश देगा।

उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर करीब 130 करोड़ भारतीय अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने का काम करेंगे, जिससे  राष्ट्रीय एकता के साथ-साथ सामाजिक सद्भावना की भावना और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि तिरंगा अभियान में युवा वर्ग की अधिक से अधिक भागीदारी हो ताकि समाज में राष्ट्र के प्रति एक नया जोश नजर आए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को समय रहते अपनी सभी तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ.अमित अग्रवाल ने हर घर तिरंगा अभियान की रूपरेखा व प्रचार प्रसार के बारे में विस्तार से जानकारी दी।महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि इस अभियान के तहत प्रदेश के करीब 70 लाख घरों पर तिरंगा फहराया जाएगा, जिसमें ग्रामीण व शहरी दोनों क्षेत्र शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान में विशेष रूप से पंचायत विभाग व स्थानीय शहरी निकाय विभाग की मुख्य भूमिका रहेगी।

उन्होंने कहा कि तिरंगा वितरण में पोस्ट ऑफिस, पंचायत घर, कॉमन सर्विस सेंटर, ओल्ड एज होम, आंगनवाड़ी केंद्र व स्कूलों/ शिक्षण संस्थाओं का सहयोग रहेगा। इसी प्रकार से महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से तिरंगे बनवाने में सहयोग लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत विभाग तथा शहरी क्षेत्र में स्थानीय शहरी निकाय विभाग झंडे वितरण करने की रूपरेखा तैयार करेगा।

झंडे वितरण का कार्य वार्ड स्तर से शुरु होगा, जिससे हर व्यक्ति को उसके घर पर फहराने के लिए तिरंागा उपलब्ध करवाया जाएगा।उन्होंने कहा कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में जरूरी जगहों पर पंपलेट, होर्डिंग व फ्लैक्स के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके साथ-साथ स्कूल मुखियाओं व शिक्षक हर घर तिरंगा अभियान के बारे में युवाओं को जागरूक करेंगे।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से भी हर तिरंगा अभियान को जन आंदोलन बनाया जाएगा। सरकारी सभी वेबसाईट के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि हर घर तिरंगा अभियान में पुलिस विभाग की भी अहम भूमिका होगी। इसके लिए जागरूकता रैली भी निकाली जाएंगी।

उन्होंने हरियाणा राज्य परिवहन की बसों पर भी हर घर तिरंगा अभियान के बारे में प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांवों में ग्राम सभाओं के माध्यम से हर तिरंगा अभियान की रूपरेखा तैयार की जाएगी ताकि ग्रामीण अंचल में प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराया जाए। इसमें समाज के प्रबुद्ध व गणमान्य लोगों का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने प्रदेशभर के आलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान और शान का प्रतीक है।

यह प्रत्येक भारतीय का गौरव है। उन्होंने कहा कि देशभर में चलाए जाने वाले इस अभियान में हरियाणा प्रदेश को पहले पायदान पर लाया जाएगा, जिसके लिए विशेष रूपरेखा तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के लिए हर भारतीय अपनी जान देने के लिए तैयार रहता है, ऐसे में हमारा कर्तव्य भी बनता है कि हम हर घर तिरंगा अभियान के तहत किसी का सहयोग न लेकर स्वयं भी तिरंगा फहराएं। उन्होंने कहा कि इसके लिए जनभावना पैदा करनी है। यह अभियान ऐसे समय पर चलाया जा रहा है, जब पूरा देश आजादी की 75 वीं वर्षगांठ पर आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है।

उन्होंने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि हम घर तिरंगा अभियान का एक हिस्सा बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान देश को एकता के सूत्र में पिरौने का काम करेगा और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रबल करेगा।इस दौरान सीईओ जिला परिषद कुलभूषण बंसल, डीएसपी ट्रैफिक चंद्रपाल सिंह, डीआईसी उपनिदेशक ज्ञानचंद लांग्यान, नगर परिषद ईओ ऋषिकेष व शिक्षा विभाग से एईओ अनूप सिंह मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *