June 17, 2024

द्रुब्बल व आसपास की पंचायतों को 45 करोड़ की पेयजल स्कीमें स्वीकृत-महेंद्र सिंह ठाकुर

0

जोगिन्दर नगर / 27 अगस्त / न्यू सुपर भारत

जलशक्ति, बागवानी, राजस्व एवं सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि जोगिन्दर नगर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में पेयजल समस्या के व्यापक समाधान के लिए एशियन विकास बैंक के माध्यम से 30 व 15 करोड़ रूपये की दो पेयजल योजनाओं को स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है जिनमें द्रुब्बल व आसपास की ग्राम पंचायतें भी शामिल हैं।

महेंद्र सिंह ठाकुर आज जोगिन्दर नगर विधानसभा क्षेत्र के द्रुब्बल में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर जोगिन्दर नगर के विधायक प्रकाश राणा भी विशेष तौर पर मौजूद रहे। इस बीच उन्होने जन समस्याएं भी सुनीं तथा अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया।

उन्होने इस क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत विभिन्न सिंचाई योजनाओं बारे संबंधित विभागीय अधिकारियों को उचित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिये। उन्होने कहा कि खेतों को सिंचाई सुविधा सुनिश्चित होने से न केवल किसानों की आर्थिकी सुदृढ़ होगी बल्कि उनकी आय दोगुनी करने में भी लाभ मिलेगा। द्रुब्बल व आसपास की ग्राम पंचायतों में हैडपंप स्थापना की मांग को लेकर उन्होने विभागीय अधिकारियों को हाइड्रोलॉजिस्ट से सर्वेक्षण करवाने के निर्देश दिये तथा कहा कि प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर हैंडपंप स्थापित करने के पूरे प्रयास किये जाएंगे।

महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि थाना-पलौण पॉवर प्रोजेक्ट निर्माण करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में है तथा इस संबंध में मुख्य मंत्री जय राम ठाकुर ने उच्च अधिकारियों को जल्द उचित कदम उठाने के निर्देश दिये हैं। धार पंचायत में पटवारखाना स्थापित करने बारे उन्होने राजस्व विभाग के अधिकारियों जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये तथा कहा कि मापदंड पूर्ण होने पर इसे खोलने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही आयुर्वेद विभाग की जमीन को द्रुब्बल पंचायतघर के लिए स्थानांतरित करने बारे भी राजस्व विभाग के अधिकारियों को जल्द उचित कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिये।


उन्होने स्थानीय पंचायत की मांग पर कहा कि कांढ़ापतन से कुना-रा-तर को भी सडक़ से जोडऩे का प्रयास किया जाएगा जिससे इस क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा सुनिश्चित होने के साथ-साथ जिला मुख्यालय से भी दूरी कम होगी। उन्होने द्रुब्बल पंचायत में जलशक्ति विभाग का एक विश्राम गृह स्थापित करने की घोषणा भी की। इसके अलावा स्थानीय स्कूल के लिए अतिरिक्त कमरों के निर्माण बारे भी मामले को उचित स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया।

पंचायत में वार्ड स्तर पर पहुंचकर, कर रहे हैं समस्याओं का समाधान-प्रकाश राणा
जोगिन्दर नगर के विधायक प्रकाश राणा ने कहा कि लोगों की समस्याओं के समाधान को पंचायत में वार्ड स्तर पर समाधान सुनिश्चित बनाने को एक विशेष अभियान चलाया हुआ है ताकि लोगों के घरद्वार पहुंचकर न केवल समस्याओं को जाना जा सके बल्कि उनका व्यापक समाधान भी हो सके। साथ ही कहा कि बिना राजनीतिक भेदभाव जोगिन्दर नगर विस क्षेत्र का एक समान विकास सुनिश्चित बनाया जा रहा है।

उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के आशीर्वाद एवं जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में जोगिन्दर नगर विस क्षेत्र को अनेको विकास कार्यों की सौगातें मिलीं हैं। इस बीच उन्होने वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान जोगिन्दर नगर क्षेत्र में हुए विभिन्न विकास कार्यों की भी विस्तृत जानकारी दी।


इस मौके पर प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की सदस्य रीमा राणा, जिला परिषद सदस्य विजय भाटिया, प्रधान द्रुब्बल रेणु  राणा, उप-प्रधान रवि सिंह, प्रधान पीपली इंद्र ठाकुर, प्रधान नौहली अजीत सिंह, प्रधान कुठेहड़ा रेखा देवी, प्रधान धार चंदेल, एसडीएम डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा, जलशक्ति विभाग के मुख्य अभियन्ता शाम कुमार शर्मा, विभिन्न पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधि, संगठन के कार्यकत्र्ता, विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित कई गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *