June 17, 2024

कोरोना वायरस के दो मामले पॉजिटिव आने के बाद सतर्क हुआ कांगड़ा

0

धर्मशाला / 21 मार्च / विक्रम चंबियाल

जिला प्रशासन ने कई बड़े फैसले आज लिए हैं। इसमें गगल एयरपोर्ट पर कल उतरने वाले जहाजों को जब्त करना और तिब्बतीयों के कांगड़ा प्रवेश पर प्रतिबंध का फैसला शामिल है। मीडिया से बातचीत में डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति ने बताया कि एसपी कांगड़ा को एयरपोर्ट भेजा गया था। साथ ही दोनों एयरलाइंस प्रबंधन से सेवाएं निलंबित रखने के लिए कहा गया।

इसके बावजूद कल अगर कोई जहाज कांगड़ा एयरपोर्ट पर उतरता है तो उसे जब्त कर लिया जाएगा। उन्हें यहीं पर रोके रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि आज से कांगड़ा जिला में तिब्बतीयन को भी प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। तिब्बती सरकार को इस बारे सूचित कर दिया है। कहा गया है कि जो तिब्बती कांगड़ा से बाहर जहां पर है, वह वहीं रहें। आज के बाद कांगड़ा में आने नहीं दिया जाएगा। तिब्बती प्रशासन ने भी अपने लोगों को सूचित कर दिया है। उन्होंने कहा कि निजी बसों के चलने की शिकायतें भी मिल रही थीं।

प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पालमपुर में प्रेम बस को जब्त किया है। धारा 144 की उल्लंघना सहित अन्य धाराओं में मामले दर्ज किए हैं। साथ ही निजी वोल्वो बसों पर भी कार्रवाई की जा रही है। उन्हें जब्त किया जा रहा है। चालक और परिचालकों पर कार्रवाई अमल में लाने के आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 700 लोगों को निगरानी पर रखा गया है। पांच कोरोना संदिग्धों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। उन्होंने कहा कि 1077 और 104 पर भी करीब 700 काल आई हैं। इससे लगता है कि लोग भी जागरूक हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि कल लगने वाले जनता कर्फ्यू का सभी लोग पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *