June 17, 2024

आम जनता का विश्वास इस भाजपा सरकार पर से उठ चुका है।अब कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है : राजीव शुक्ला

0

 
ऊना, 28 अगस्त 2022 / राजन चब्बा

आज कुठलैड में महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ आयोजित एक कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के नेता गुरकीरत कोटली  ने कहा कि भाजपा के राज में आज महंगाई चरम सीमा पर है। आम आदमी मर रहा है और भाजपा की तानाशाही दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। गरीबों के हालात को समझना तो दूर भाजपा सरकार आम आदमी को असल मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रही है जो की असहनीय है। गैस पेट्रोल से लेकर आम जरूरतों के सामान तक पर टैक्स लगा दिए गए हैं जिससे आजीविका चलाना मुश्किल हो गया है। प्रदेश में ओ पी एस, 5 लाख नौकरियां और 680 करोड के स्टार्टप से युवाओं को राहत देने का कार्य सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही कर सकती है।


गुरकीरत कोटली ने कुठलैड जनता से आवाहन किया की कांग्रेस पार्टी जिस किसी भी प्रत्याशी को टिकट देगी हम सभी ने मिलकर उन्हें भारी मतों से विजयि बनाना है क्योंकि कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प बचा है। यही पार्टी है जो आम आदमी को राहत देने का कार्य करेगी और हम सब ने मिलकर कांग्रेस को और अधिक मजबूत करना है।इस दौरान कोटली ने सचिव देवेंद्र भुट्टो को एक शानदार व सफल आयोजन के लिए बधाई भी दी।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला जो कि किसी कारणवश इस कार्यक्रम में सम्मिलित नहीं हो सके लेकिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उन्होंने अपने विचार जरूर रखे और जनता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने महंगाई जीएसटी इत्यादि तो बढ़ाया ही है साथ ही भर्तियों में भी बहुत घोटाले किए जिसकी वजह से आम जनता का विश्वास इस सरकार पर से उठ चुका है। अब कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है क्योंकि अब तो और रोजमर्रा के इस्तेमाल की चीजें यहां तक कि दूध दही पर भी टैक्स लगा दिया गया है। यह सरकार ऐसे तानाशाही फैसले ले रही है कि आम आदमी के मुंह से निवाला छीन रही है। इसी संवेदनशील मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने हिमाचल की जनता से महंगाई भ्रष्टाचारी बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन करने का आवाहन किया और भारी जनाक्रोश को देखते हुए यह स्पष्ट है कि यह कार्यक्रम अत्याधिक सफल रहा है और जनता की आवाज इस सरकार के कानों तक जरूर पहुंची होगी।


भारी जनसमूह के बीच इस मंच पर सुजानपुर से विधायक राजेंद्र राणा ने हुंकार भरते हुए कहा कि यह भाजपा सरकार सिर्फ गरीब जनता और युवाओं के सपनों के साथ धोखा कर रही है। ओपीएस पर कार्य करना और फौजियों की पेंशन देना तो दूर की बात है इस सरकार ने अग्निवीर जैसी योजना चलाकर युवाओं के साथ धोखा किया है और धीरे-धीरे सभी सरकारी संपत्तियों का निजीकरण करने पर यह सरकार उतारू है।कांग्रेस पार्टी वह पार्टी है जिसने न केवल इस देश को आजादी दिलवाई बल्कि 70 सालों तक इस देश को संभाला और संवारा है। आधुनिकता के पथ पर चलकर प्रगति के शिखर तक कांग्रेस पार्टी इस देश को यहां तक लेकर आई है और आगे भी कांग्रेस पार्टी भाजपा जैसी सरकार को इस देश की जड़ों को खोखला करने नहीं देगी। उन्होंने कहा कांग्रेस पार्टी सपने दिखाने में यकीन नहीं रखती बल्कि सपनों को हकीकत में बदलना जानती है। प्रदेश में पूरे 5 साल का भाजपा का कार्यकाल एक काला अध्याय रहा है जिसमें विकास से लेकर आम आदमी की उम्मीदों तक को ताक पर रखा गया।

ऊना से विधायक रायजादा ने अपने विचार जनता के समक्ष रखते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने डबल इंजन और प्रगति के नाम पर आम जनमानस को बस जुमले ही परोसे हैं लेकिन प्रदेश में दूर-दूर तक विकास का कोई नामोनिशान नहीं है। इसके साथ ही रायजादा ने बोला कि आज प्रदेश में बनने वाली वस्तुएं ही प्रदेशवासियों के लिए महंगी हैं और विभिन्न तरह के घोटाले आए दिन सामने आ रहे हैं यहां तक कि विद्या के मंदिर में भी भ्रष्टाचार की दीमक लग चुकी है तो भला इस सरकार से और क्या अपेक्षा की जा सकती हैं। इस सरकार ने आम आदमी ही नहीं सरकारी कर्मचारियों को भी अपने अत्याचारों से विवश कर दिया है और अब हम सभी को मिलकर एक बुलंद आवाज उठानी है जो कि आने वाले समय में प्रदेश की तस्वीर ही नहीं तकदीर भी बदल कर रख दे।


इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया अध्यक्ष अभिषेक राणा, जिलाध्यक्ष रणजीत राणा, देवेंदर भुट्टो, देस राज गौतम , डिकी, बोधराम, व विवेक शर्मा सहित अन्य नेतागण भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *