कैबिनेट मंत्री ने जनप्रतिनिधियों व नागरिकों से महासफाई अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने का किया आह्वान

फतेहाबाद / 9 फरवरी / न्यू सुपर भारत
संत शिरोमणि गुरू रविदास जयंति के उपलक्ष्य में हरियाणा में चलाए जा रहे महासफाई अभियान के लिए हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों व आम नागरिकों को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
विकास एवं पंचायत मंत्री ने कहा कि 13 फरवरी को महासफाई अभियान चलाया जा रहा है, उसमें सभी अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश के हर गांव और शहर के वार्ड में सफाई अभियान चलाया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आम नागरिक स्वच्छता को अपने आचरण में अपना लें और इसकी आदत बना लें। नागरिक स्वयं भी साफ-सफाई का ध्यान रखें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। हर गांव की हर गली और शहर के हर वार्ड में सफाई अभियान चलाए। गांवों के बाहर जमा कूडा कर्कट व गोबर को हटाकर साफ सूथरा करें ताकि हरियाणा प्रदेश पूरे देश में एक मिसाल बनकर आगे आए।
कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि हरियाणा का विकास एवं पंचायत विभाग यह महासफाई अभियान शुरू कर रहा है। प्रदेश के सभी जिलों में यह अभियान चलेगा। इसके लिए सरकारी अमले के साथ-साथ आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। आम नागरिकों को प्रेरित करके महासफाई अभियान को सफल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि साफ सफाई करके हम एक अच्छा वातावरण हरियाणा प्रदेश को देंगे। स्वच्छता अपनाए, स्वच्छता बढ़ाएं और हरियाणा प्रदेश को सुंदर बनाने का नारा देते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हमें प्रदेश को स्वच्छता के मामले में देशभर में अग्रणीय स्थान दिलवाना है।
विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने प्रदेश के सभी सामाजिक-धार्मिक संगठनों, आशा व आंगनबाड़ी वर्कर, सक्षम युवा, स्वच्छ ग्रहितों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व कर्मचारियों को आह्वान किया कि वे इस महासफाई अभियान में अपने-अपने क्षेत्र में सहयोग करें। उन्होंने शिक्षा व महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों से कहा है कि वे स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों में इस अभियान के दौरान बच्चों को हाथा धोने और दूसरी स्वच्छता व्यवहार को अपनाने के लिए प्रेरित करें।