May 18, 2024

कहलूरी संस्कृति को बढावा देने के लिए 80 महिला मंडलों ने किया मंचिय प्रदर्शन

0

बिलासपुर / 22 जुलाई / न्यू सुपर भारत

सदर विधानसभा क्षेत्र के महिला मंडलों का सम्मेलन आज बिलासपुर में अंबेडकर हॉल में आयोजित किया गया जिसमें सदर क्षेत्र के 80 महिला मंडलों ने भाग लेकर कहलूर की संस्कृति को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक सुभाष ठाकुर ने की। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने कहलूरी गानों व भजनों पर जमकर लोक नृत्य किया।

इस अवसर पर बोलते हुए विधायक सुभाष ठाकुर ने कहा कि कहलूरी गाने व भजन हमारी धरोहर है। उन्होंने कहा कि संगीत जीवन की कठिनाइयों व जटिलताओं को बोलने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि वही कौम आगे बढ़ती है जो अपनी संस्कृति को साथ लेकर चलते हैं। जीवन के संघर्ष को आसान करने में भी संगीत महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है।

उन्होंने देश में राष्ट्रपति के चुनाव में महामहिम द्रोपदी मुर्मू के विजई होने पर महिलाओं को बधाई दी तथा कहा कि आदिवासी क्षेत्र से आज सर्वाेच्च पद पर पहुंचने वाली द्रौपदी मुर्मू के जीवन से कठिनाइयों और मुश्किलों से लड़ने का एक उदाहरण मिलता है। उन्होंने इस कार्यक्रम को नवनियुक्त राष्ट्रपति को समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि साढे चार वर्षों में विधानसभा क्षेत्र में नशा तथा गुंडागर्दी पर रोक लगाई गई है। उन्होंने कहा कि नशे से सबसे अधिक प्रभाव परिवार में महिलाओं पर पड़ता है और समाज की सभी महिलाओं को नशे के विरुद्ध खड़े होने की आवश्यकता है। यह एक बड़ी चुनौती अवश्य है लेकिन इससे मिलजुल कर सामाजिक जागरूकता लाकर उबरा जा सकता है। उन्होंने करोना काल में सभी महिलाओं द्वारा देश व प्रदेश सरकार का सहयोग करने के लिए धन्यवाद भी किया ।

उन्होंने कहा कि सदर विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के 350 करोड़ रुपए के विभिन्न कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि मैरी काथला सड़क पर 9.5 करोड़ रुपए, मोरसिंगी रोड पर 11 करोड़ रुपए, कुह मझवाड़ सड़क पर 6 करोड़ रुपए, हवाण सड़क पर 11.50 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत क्षेत्र में नई योजनाएं आरंभ कर पानी की व्यवस्था की जा रही है। 65 करोड की पानी की योजना को पूर्ण कर एक लाख लोगों को पेयजल उपलब्ध हो रहा है तथा 20 करोड़ की मल्यावर से एक योजना पर कार्य प्रगति पर है।

क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए हरलोग में उप तहसील तथा बरमाणा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा बंदला में हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज खोला गया है। उन्होंने कहा कि 2000 करोड़ रुपए का स्वीकृति पर फोरलेन का कार्य प्रगति पर है जबकि बिलासपुर की रेलवे लाइन के कार्यों में 30 सुरंगों में से 12 सुरंग बनकर तैयार हो गई है तथा डेढ़ वर्षों में रेल लाइन भी बिलासपुर पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के द्वारा बिलासपुर में ऐम्स खोला गया है और जिसका शीघ्र ही प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बिलासपुर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है। बंदला में पैराग्लाइडिंग साईट की टेक्निकल अप्रूवल करवाई गई है तथा वहां होम सटे योजना आरंभ कर स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं । उन्होंने कहा कि 14 सौ करोड़ रुपए की एक योजना बनाकर सांडू के मैदान में एक झील को विकसित किया जाएगा तथा इसे ऋषिकेश से नाला के नौण तक जोड़ा जाएगा जिससे निश्चित रूप से हमे सपनों का बिलासपुर बनाने में सफलता मिलेगी। इस परियोजना की पहली किस्त के रूप में मुख्यमंत्री ने 100 करोड रुपए स्वीकृत कर दिए हैं।

उन्होंने महिलाओं के लिए विशेष रूप से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि महिलाओं को बच्चों में 50 प्रतिशत किराया माफ किया गया है। 125 यूनिट तक बिजली के बिल को भी माफ किया गया है। शगुन योजना के माध्यम से आईआरडीपी परिवार की बेटी की शादी पर 31 हजार रुपए शगुन के रूप में प्रदान किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार एक संवेदनशील सरकार है तथा गरीबों की सेवा के लिए अनेक योजनाएं आरंभ की जा रही है। प्रदेश व देश में भ्रष्टाचार मुक्त विकास युक्त सरकार चल रही है।
उन्होंने कहलूरी सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा देने के लिए सदर क्षेत्र के 80 महिला मंडल को 20-20 हजार रुपए देने की घोषणा भी की।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष हंसराज, पंचायत समिति अध्यक्षा सीता धीमान, जिला महामंत्री आशीष ढिल्लों, मंडल महामंत्री प्यारे लाल चौधरी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बृजलाल, सोशल मीडिया संयोजक हर्ष मेहता, जिला परिषद सदस्य बिमला, महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा शर्मा, उपाध्यक्ष उर्मिला, पंचायत समिति सदस्य सुमन, मीनाक्षी शर्मा, अंजना, अशोक कुमार तथा खंड विकास अधिकारी विनय शर्मा सहित 850 महिलाएं उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *