आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृखंला में वन मंडल अम्बाला द्वारा हरियाली महोत्सव का किया आयोजन

अम्बाला / 8 जुलाई / न्यू सुपर भारत
आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृखंला में वन मंडल अम्बाला द्वारा हरियाली महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज उगाड़ा-बाड़ा रोड़ पर आर्मी एरिया में खाली पड़ी भूमि पर पौधारोपण किया गया। इस मौके पर आर्मी के उच्च अधिकारी बिरेन्द्र, अतिरिक्त उपायुक्त सचिन गुप्ता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डा0 सुखदा प्रीतम, उप वन संरक्षक हैरतजीत कौर व तैराकी एसोसिएशन के प्रधान राजिन्द्र विज ने पौधारोपण कर सभी को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया।
अतिरिक्त उपायुक्त सचिन गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि पर्यावरण को हरा-भरा बनाए रखने के लिए पौधों को लगाया जाना अति आवश्यक है। पौधों को लगाए जाने के साथ-साथ उनका संरक्षण भी करना है। जल शक्ति अभियान के तहत भी सम्बन्धित विभागों को पौधारोपण के लिए लक्ष्य निर्धारित किए गये है। उन्होंने कहा कि जितने पेड-पौधे लगेंगे उससे हमारा पर्यावरण स्वच्छ एवं सुंदर बनेगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डा0 सुखदा प्रीतम ने भी पौधारोपण करते हुए कहा कि जितने धरती पर पेड-पौधे लगेंगे उतनी ही हमारी धरा हरी-भरी रहेगी। पौधे वर्षा लाने में भी सहायक होते हंै। उन्होने कहा कि हमें जहां पौधों को लगाना है वहीं उनका संरक्षण भी करना है।
उप वन संरक्षक हैरतजीत कौर ने यहां पर आये सभी गणमान्य लोगों का स्वागत करते हुए बताया कि जुलाई माह को वन महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में वन चेतना यात्रा भी चलाई जा रही है। इस वर्ष 9 लाख पौधे लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। वन विभाग के साथ-साथ अन्य विभाग इस कार्य को बेहतर तरीके से कर रहे हैं। उन्होंने भी पौधों की महत्वता बारे बताते हुए कहा कि पौधों का हमारे जीवन में अहम महत्व होता है। पेड-पौधे हमें ऑक्सीजन देने का भी काम करते हैं। जल शक्ति अभियान के तहत वन विभाग को लक्ष्य दिया गया है उसे बेहतर तरीके से करने का काम किया जा रहा है।
जिला तैराकी संघ के प्रधान राजिन्द्र विज ने भी पौधारोपण करते हुए वन विभाग द्वारा जुलाई माह को वन महोत्सव के रूप में मनाकर आम जन को पौधों की महत्वता बारे जागरूक करने का जो काम किया जा रहा है उसकी सराहना की। उन्होने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाये रखने के लिए पौधों को लगाया जाना बेहद आवश्यक है। इस मौके पर अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।