June 16, 2024

जलभराव की स्थिति के निपटान के लिए 8 परियोजनाओं पर खर्च होंगे 24 करोड़ : डीसी

0

फतेहाबाद / 10 फरवरी / न्यू सुपर भारत

जिला में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए 8 परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिन पर लगभग 24 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन परियोजनाओं पर जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त प्रदीप कुमार ने सिरसा रोड स्थित लजीज होटल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दी।

उन्होंने कहा कि जिला में अधूरे पड़े विकास कार्यो को पूरा करवाया जाएगा, इसके अलावा नई परियोजनाएं भी मंजूर की जाएंगी। उन्होंने कहा कि फतेहाबाद का नया बस स्टैण्ड एक माह में तैयार हो जायेगा और सिविल हस्पताल प्रस्तावित निर्धारित साईट पर ही बनेगा। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश है कि फतेहाबाद जिला को पर्यटक केन्द्र के तौर पर विकसित करें। इसके लिए चिल्ली झील का कार्य तेजगति से चल रहा है। फतेहाबाद की ऐतिहासिक साईट कुनाल, बनावाली व भिरडाना को विकसित किया जायेगा।

बडोपल कुम्हारिया रोड पर काले हिरण पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र हो सकते हैं। फतेहाबाद से हड़प्पा सभ्यता के अवशेष मिलना बड़ी बात है। टोहाना में बलियाला हेड पर बोटिंग शुरु करने के प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है।

उपायुक्त प्रदीप कुमार ने बताया कि लघु सचिवालय के पास पंचायत रिसोर्स सेंटर फरवरी के अंत तक बनकर तैयार हो जायेगा। उन्होंने कहा कि जिले के 84 संस्कृति मॉडल स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष ध्यान जा रहा है। जिले के 238 आंगनवाड़ी केन्द्रों में प्ले स्कूल खोले जा रहे हैं। जिसमें बच्चों को सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।

गोरखपुर परमाणु संयंत्र के बारे उपायुक्त ने कहा कि यह देश का गौरवशाली प्रोजेक्ट है। जिसकी पहली यूनिट पर तेजगति से काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि इस बरसात में जिन गांवों में सेम की समस्या हुई है, उन गांवों में सेम का पानी निकालने के 8 प्रोजेक्ट शुरु किए जा रहे हैं। उपायुक्त ने बताया कि सेम की समस्या से निपटने के लिए 8 प्रोजेक्ट बनाए गए हैं। इन प्रकल्पों पर 23 करोड़ 35 लाख खर्च होंगे। यह पैनल भट्टू, गोरखपुर, दड़ौली, बड़ोपल, काजलहेड़ी, कुम्हारिया, गोरखपुर, भीमेवाला गांव में शुरु होंगे। जिला में जल्द ही लाईबे्ररी के लिए भी काम शुरू किया जाएगा, यह लाइब्रेरी अति आधुनिक होगी।

उपायुक्त ने बताया कि 13 फरवरी को महासफाई अभियान पूरे जिले में शुरु किया जा रहा है। सभी अधिकारी व कर्मचारी इस महा-अभियान को सफल बनाने के लिए रणनीति बनाने में जुटे हैं। इसका शुभारंभ विकास एवं पंचायत मंत्री देवेन्द्र सिंह बबली करेंगे। इसमें जिला के आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

फतेहाबाद शहर की खेवट नम्बर 47 और 48 की फर्द से 4800 पेजों की समस्या पर पूछे गए सवाल के जवाब में उपायुक्त ने कहा कि प्रभावित लोगों को राहत देने के लिए प्रशासन विकल्प तलाशेगा। टोहाना बस स्टैण्ड की साईट को लेकर उपाुयक्त ने कहा कि जमीन मालिकों से रेट को लेकर बातचीत चल रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अत्योदय परिवार उत्थान योजना सैकिण्ड फेस 23 फरवरी से शुरु होगा।

पहले फेज में 4 हजार परिवारों को विभिन्न योजनाओं से जोडऩे का काम चल रहा है। इसके तहत परिवारों की वार्षिक आय में इजाफा करने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पपीहा पार्क 2 दिन में एचएसवीपी से नगर परिषद को ट्रांसफर हो जायेगा और उसके बाद इस पार्क का नवीनीकरण किया जायेगा। इस अवसर पर नगराधीश सुरेश कुमार, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के डिप्टी डायरेक्टर साहब राम गोदारा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *