धंधड़ी में बनने वाली राज्य की पहली पशु आहार फैक्ट्री का वीरेंद्र कंवर ने किया शिलान्यास

ऊना / 1 फरवरी / न्यू सुपर भारत
ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने आज अंब उपमंडल के तहत आने वाले धंधड़ी में लगभग 4 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली सरकारी क्षेत्र की राज्य की पहली पशु आहार फैक्ट्री की शिलान्यास किया। इस अवसर पर विधायक बलबीर सिंह एवं हिमुडा उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उन्होंने 50-50 लाख रुपए की लागत से जबेहड़ व कालू दी बड़ में निर्मित पशु चिकित्सालयों व 17 लाख की लगत से बने धंधड़ी गौ सदन का शुभारंभ भी किया। गौ सदन में 30-50 बेसहारा पशुओं को रखने की व्यवस्था होगी। इसके अतिरिक्त वीरेंद्र कंवर ने धंधड़ी में लगभग 15 लाख रुपए की लागत से बनने वाले पंचवटी पार्क का शिलान्यास भी किया।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि बेसहारा पशुओं को जन सहयोग के साथ आश्रय प्रदान किया जा सकता है। लोग गौशालाओं का संचालन करने के लिए आगे आएं, ताकि बेसहारा गौंवश की समस्या से निपटारा मिल सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में बेसहारा गौंवश की समस्या का स्थाई समाधान करने के लिए गंभीरता के साथ कार्य किया है। इसके लिए प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्र में गौ-अभ्यारण का निर्माण किया जा रहा है और गौ पालकों को प्रति पशु 500 रुपए की गौ रक्षा राशि दी जा रही है।
इसके परिणाम स्वरूप 20 हजार से अधिक बेसहारा पशुओं को सहारा प्रदान किया जाएगा तथा जून माह तक सड़कों को बेसहारा पशुओं से मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। कंवर ने कहा कि बेसहारा पशुओं को छोड़ने वाले के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने के लिए विधानसभा के आने वाले बजट सत्र में कानून लाया जाएगा। पशु पालन मंत्री ने कहा कि धंधड़ी में बनने वाली पशु आहार फैक्ट्री का आज शिलान्यास किया गया है और उद्घाटन भी इसी वर्ष किया जाएगा।
वीरेंद्र कंवर ने बहुद्देशीय हॉल के निर्माण के लिए 35 लाख रुपए देने की घोषणा की और धंधड़ी गौ सदन में शैड व बाड़बंदी करने के लिए विभाग को एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए।
विधायक चिंतपूर्णी बलबीर सिंह ने पशु आहार फैक्ट्री लगाने के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे किसानों व पशुपालकों को बहुत लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि आज कालू दी बड़ व जबेहड़ में पशु चिकित्सालय जनता को समर्पित किए गए हैं, जबकि इससे पहले चुरूड़ू में भी पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने एक पशु चिकित्सालय का शुभारंभ किया है तथा चौकी मन्यार में भी एक चिकित्सालय का निर्माण प्रगति पर है।
बलबीर सिंह ने कहा कि भेड़ी में हैचरी व रिसर्ज सेंटर के लिए 100 कनाल भूमि विभाग के नाम स्थानांतरित कर दी है तथा इस परियोजना को जल्द से जल्द आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने पंचायत की मांग पर धंधड़ी में महिला मंडल व सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए दो लाख स्वीकृत किए और कहा कि मनरेगा के साथ कनवर्जेंस कर 15 लाख का बहुद्देशीय हॉल बनाया जाएगा, ताकि गरीब परिवार उसे शादियों व अन्य सामाजिक सरोकार के लिए भी इस्तेमाल कर सकें। उन्होंने वीरेंद्र कंवर से बेसहारा पशुओं को संरक्षण प्रदान करने के लिए खाली जगह की बाड़बंदी करने का अनुरोध भी किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक सुषमा शर्मा, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, जिला परिषद उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, जिप सदस्य सतीश शर्मा, रजनी मनकोटिया, मंडल अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, महामंत्री महेश मैहता व कुलदीप ठाकुर, पंचायत समिति अध्यक्ष सुनीता धीमान, उपाध्यक्ष संदीप ठाकुर, तरसेम चंद, प्रधान धंधड़ी डॉ. प्रियदर्शनी चौधरी, डॉ. स्वदेश चौधरी, उप-निदेशक पशु पालन विभाग डॉ. जय सिंह सेन, जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार, बीडीओ सुदर्शन सिंह, रुद्र संकल्प समिति के अध्यक्ष अजय शर्मा, भाजपा कार्यालय सचिव स्पर्श शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।