May 7, 2025

मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे नेता विपक्ष, भाजपा फिर लौटेगी सत्ता मेंः कंवर

0


ऊना, 24 नवंबर / राजन चब्बा:

ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा है कि नेता विपक्ष मुंगेरी लाल की तरह हसीन सपने देख रहे हैं, लेकिन उनका सत्ता में आने का सपना अधूरा ही रह जाएगा और भाजपा मिशन रिपीट को पूरा कर एक बार फिर सत्ता में लौटेगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और भाजपा का काडर प्रदेश भर में मजबूत है। उप-चुनाव में चार सीटें जीतकर कांग्रेस के नेताओं को दृष्टिदोष हो गया है। इसलिए नेता विपक्ष ही नहीं, बल्कि हर जिला से कांग्रेस के नेताओं में मुख्यमंत्री बनने की हसरतें जगने लगी हैं। हालत यह है कि प्रदेश में सीएम की कुर्सी के लिए कांग्रेस के सोलह दावेदार हैं, लेकिन उनकी यह गलतफहमी हिमाचल प्रदेश के मतदाता वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में दूर कर देंगे।

वीरेंद्र कंवर ने कहा कि देश में कांग्रेस की हालत किसी से भी नहीं छुपी है। हर राज्य में कांग्रेस बैसाखियों की तलाश कर रही है, जिनके सहारे वह नैया पार लगा सकें। ढूंढे से भी कांग्रेस को नए साथी मिल नहीं रहे। नेता विपक्ष भाजपा को डूबता हुआ जहाज़ कहते हैं, लेकिन असल में कांग्रेस का जहाज़ पूरी तरह से डूब चुका है, इसलिए बहुत से नेता एक-एक कर कांग्रेस का हाथ छोड़ कर अन्य दलों में जा रहे हैं।  ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कांग्रेस जिला ऊना की पांच सीटें जीतने का सपना देख रही है। लेकिन मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने जिला ऊना में हजारों करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए हैं, जिसका आज ऊना की जनता को लाभ मिल रहा है। वहीं भाजपा का कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ खड़ा है। इसलिए कांग्रेस पार्टी ऊना की पांच सीटें जीतने का सपना भी भूल जाए। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *