सत्ती ने गरीबों व कर्मचारियों को वित्तीय घोषणाओं के लिए मुख्यमंत्री का जताया आभार

ऊऊना / 25 जनवरी / राजन चब्बा
छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने पूर्ण राज्यत्व दिवस के अवसर पर राज्य के लाखों कर्मचारियों, पेंशनरों के अलावा गरीब तबके लिए प्रदेश सरकार की घोषणाओं का स्वागत किया है। सतपाल सिंह सत्ती ने प्रदेश के सवा दो लाख कर्मचारियों के लिये नए वेतनमान में पूर्व में घोषित किये गए दो विकल्पों के अलावा तीसरे विकल्प की घोषणा के लिये मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस घोषणा से सभी कर्मचारियों को नये वेतनमान से लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस बात का भी आश्वासन दिया है कि तीनों विकल्पों के बावजूद यदि कोई कर्मचारी लाभ से वंचित रह जाता है, तो इस पर अलग से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पौने दो लाख पेंशनरों के लिये भी मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने पंजाब की तर्ज पर पेंशन प्रदान करने की घोषणा की है। सतपाल सिंह सत्ती ने कर्मचारियों के मौजूदा 28 प्रतिशत डी.ए. को केन्द्र सरकार के कर्मियों के बराबर 31 फीसदी करने की घोषणा के लिये भी मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि जय राम ठाकुर हमेशा से ही कर्मचारियों के हितैषी रहे हैं और उनकी सभी वाजिब मांगों को पूरा करने के प्रयासरत रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य के पुलिस कर्मियों की लंबे समय से चली आ रही वेतन विसंगति को भी प्रदेश सरकार ने दूर कर दिया है। दूसरे कर्मचारियों की तर्ज पर वेतनमान प्रदान करने का मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का निर्णय पुलिस जवानों के मनोबल को बढ़ाने वाला है।छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं के लिये 60 यूनिट बिजली की खपत पर किसी प्रकार का शुल्क न लेना प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण घोषणा है। उन्होंने कहा कि 125 यूनिट तक एक रुपए चार्ज किया जाएगा, जिससे गरीब तबके को बड़ा लाभ मिलेगा तथा इस निर्णय से प्रदेश के 11 लाख घरेलू उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। इसी प्रकार किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए भी मुख्यमंत्री ने बिजली की दर प्रति यूनिट 50 पैसे को कम करके 30 पैसे किया है, जिससे प्रदेश के लाखों किसान लाभान्वित होंगे।