सतपाल सत्ती ने रायपुर सहोड़ा स्कूल को दिए 3.56 लाख के कबड्डी मैट

ऊना / 19 फरवरी / न्यू सुपर भारत
छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने आज रायपुर सहोड़ा स्कूल को 3.56 लाख रुपए के कबड्डी मैट प्रदान किए। उन्होंने 60 विद्यार्थियों को स्पोर्ट्स किट भी दी। इस अवसर पर सत्ती ने कहा कि जिला ऊना ने देश को अनेकों अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिए हैं, जिनमें पद्मश्री स्व. चरणजीत सिंह, टोक्यो पैरालंपिक्स में रजत पदक विजेता निषाद कुमार, हॉकी खिलाड़ी दीपक ठाकुर जैसे नाम हैं, जिन्होंने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जिला ऊना का मान बढ़ाया है।
जिला ऊना के नवोदित खिलाड़ियों को इन महान खिलाड़ियों को अपना आदर्श बनाकर आगे बढ़ना चाहिए।सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि मोदी सरकार ने खेल के क्षेत्र में नई प्रतिभाओं को तलाशने के लिए खेलो इंडिया कार्यक्रम की शुरूआत की है और इस बार खेल बजट में 300 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की है।
पिछले वित्त वर्ष 2021-22 में केंद्र सरकार ने खेल व खिलाड़ियों के लिए 2757.02 करोड़ रुपये का बजट था, जिसे 2022-23 के लिए बढ़ाकर 3062.60 करोड़ कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सकारात्मक सोच व खिलाड़ियों की अथक मेहनत का ही नतीजा है कि टोक्यो ओलंपिक में भारत ने 7 पदक हासिल किए हैं।
छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने तथा खिलाड़ियों के भविष्य को संवारने के लिए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने स्वर्ण जयंति खेल नीति-2021 को स्वीकृति प्रदान की है।
नई खेल नीति जहां खिलाड़ियों को अधिक सुविधाएं प्रदान करने में कारगर सिद्ध होगी, वहीं छुपी हुई खेल प्रतिभाओं को उचित मंच मिलेगा। इस अवसर पर ऊना भाजपा मंडल अध्यक्ष हरपाल सिंह गिल, जिला परिषद अध्यक्षा नीलम कुमारी, प्रधान रोहित कुमार, उप प्रधान हरजीत सिंह सिंह गिल, जिला सचिव रामचंद्र तथा अंबिका दत्त शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।