मुख्यमंत्री की घोषणाओं से जुड़े कार्यों को समयबद्ध पूरा करें अधिकारी: विशाल नेहरिया

धर्मशाला / 18 फरवरी / न्यू सुपर भारत
धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के विधायक विशाल नेहरिया ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के अपने प्रवास के दौरान की गई विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाओं को समयबद्ध पूरा करने को लेकर कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए आज उपायुक्त कार्यालय के सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न विकासात्मक कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिये।
नेहरिया ने बैठक में मुख्यमंत्री की घोषणाओं तथा विधान सभा क्षेत्र से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुये शेष कार्यों को पूरा करने में पेश आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सभी विभागों को घोषणाओं से जुडे़ लंबित कार्यों के कार्यान्वयन में गति लाने के निर्देश दिये ताकि जनकल्याण की इन परियोजनाओं को शीघ्र जनता को समर्पित किया जा सके।
नेहरिया ने कहा कि सभी अधिकारी पूर्ण जवाबदेही, ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ कार्यों का गुणवत्तापूर्ण रूप से समय पर निष्पादन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की वर्तमान सरकार आम आदमी की सरकार है। समाज के सभी वर्गों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना तथा कमजोर वर्गों का सामाजिक आर्थिक उत्थान प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे आमजन की समस्याओं को तत्परता के साथ निपटाएं। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने चार साल के अपने कार्यकाल में जनहित की अनेक योजनाएं सफलतापूर्वक कार्यान्वित की हैं। उन्होंने कहा कि जनता को इन सभी योजनाओं का लाभ तभी प्राप्त होगा जब अधिकारी एवं कर्मचारी समर्पित प्रयास कर लक्षित वर्गों तक समयबद्ध तरीके से इन्हें पहुंचाएंगे।
नेहरिया ने कहा कि बैठकों के माध्यम से जहां प्रदेश सरकार को योजना की सफलता एवं कमियों की जानकारी मिलती है वहीं अधिकारियों को भी योजना कार्यान्वयन में किये जाने वाले बदलावों का पता चलता है। उन्होंने कहा कि आमजन को प्रदेश सरकार से अनेक अपेक्षाएं हैं। प्रदेश सरकार अपने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग समन्वय एवं परिश्रम के माध्यम से जन अपेक्षाओं पर खरा उतरेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि उपमंडल में कार्यान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों का नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित बनाएं ताकि कार्यों की प्रगति का पता चल सके।
उन्होंने कृषि, उद्यान, कामगार विभाग को लोगों की सुविधा के लिए जागरूकता शिविर लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, आईपीएच, पर्यटन, उद्योग, नगर निगम, स्मार्ट सिटी, विद्युत विभाग, खाद्य आपूर्ति, वन विभाग सहित अन्य सभी विभागों के मुख्यमंत्री की घोषणाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
इस अवसर पर एसडीएम धर्मशाला शिल्पी बेक्टा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद थे।