May 12, 2025

प्रदेश में 14 हजार करोड़ से ज्यादा राशि अनस्पैंड: महेन्द्र सिंह ठाकुर

0

*करसोग उपमंडल में अनस्पैंड राशि को विकास कार्यों पर तुरन्त व्यय करने के निर्देश **कोरोना महामारी के दौर में मंद पड़े विकास को गति देने के लिए सरकार कृतसंकल्प ***करसोग उपमंडल में मार्च, 2021 तक 4000 घरों को नल से जल सुविधा से जोड़ा जाएगा

मंडी / 12 जुलाई / न्यू सुपर भारत न्यूज़

जल शक्ति, बागवानी व सैनिक कल्याण मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि ये मुख्यमंत्री की सोच का नतीजा ही है कि कोरोना जैसी महामारी के दौर में मंद पड़े विकास को तीव्र गति देने के लिए राज्य स्तरय पर कैबिनेट सब कमेटी गठित की गई है। यह समिति 2001 से 2020 तक विभिन्न विभागों द्वारा विकास कार्यों अनस्पैंड राशि की समीक्षा प्रदेश, जिला व उपमंडल स्तर पर कर रही है।

महेन्द्र सिंह ठाकुर आज उपमंडल करसोग में कैबिनेट सब कमेटी के तहत प्रथम समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 14 हजार करोड़ से ज्यादा अनस्पैंड राशि पड़ी हुई है जिसे 31 मार्च, 2021 तक व्यय करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। करसोग में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से 20 करोड़ 35 लाख से ज्यादा की राशि अनस्पैंड है।  विगत ढाई वर्षों में लोक निर्माण विभाग के तहत इमारतों, भवनों व पुलों पर 69 करोड़ से ज्यादा की राशि व्यय की गई है। इस वित्त वर्ष के दौरान लगभग 18 करोड़ की राशि लोक निर्माण विभाग के माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों पर व्यय की जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत क्षेत्र में 102 करोड़ की राशि के माध्यम से 32 सड़कों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के किसानों व बागवानों को विशेष लाभ पहुंचेगा।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग के तहत भी क्षेत्र में 20 करोड़ की राशि अनस्पैंड पड़ी हुई है जिन्हें विभिन्न विकास कार्यों पर व्यय करने की योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि करसोग में एक करोड़ की राशि से लोक भवन, पंचायत समिति हॉल, भारत निर्माण सेवा केन्द्र के निर्माण पर व्यय की जा रही है।

महेन्द्र सिंह ठाकुर ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत क्षेत्र पेयजल सुविधा को सुदृढ़ करने की दिशा में 60 करोड़ की राशि व्यय की जा रही है। योजना के तहत मार्च, 2021 तक क्षेत्र में 4000 घरों को नल से जल सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंनें बताया कि 25 करोड़ की लागत से उठाऊ पेयजल योजना सरौर खड्ड का कार्य भी प्रगति पर है और 20 जुलाई से योजना के तहत पाईपें बिछाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नगर पंचायत करसोग के लिए 40 करोड़ की राशि पेयजल व सीवरेज सुविधा पर व्यय की जा रही है। उन्होंने बताया कि करसोग में मिनी सचिवालय भवन निर्माण के लिए 50 लाख की राशि स्वीकृत की गई है और इस दिशा में सम्बन्धित विभाग को तुरन्त टैंडर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत करसोग के तहत 3 करोड़ 65 लाख की राशि अनस्पैंड है जिसे नगर पंचायत में विकास कार्यों पर तुरन्त व्यय करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त आई टी आई, सीनियर सकैण्डरी स्कूल और कालेज भवन के निर्माण कार्य में तीव्रता लाने के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को करसोग बाईपास मार्ग की संभावनाएं तलाशने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने बताया कि बागवानी मिशन के तहत इस वर्ष करसोग में 136 लाख की राशि बागवानी गतिविधियों को सुदृढ़ करने पर व्यय की जा रही है। करसोग में लगभग 3 करोड़ की राशि से बनने वाले बस अड्डे का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में सनारली में पथ परिवहन निगम की कार्यशाला व पट्रोल पम्प निर्माण के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

जल शक्ति मंत्री ने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं व शिलान्यासों के कार्यों को प्राथमिकता दें और इनमें कोई भी कोताही न बरतें। सभी विभाग आपसी समन्वय से विकास कार्यों में तीव्रता लाने के लिए एकजुट  प्रयास करें ताकि लोगों को विकास योजनाओं का शीघ्र लाभ मिल सके।

बैठक के उपरान्त मंत्री ने स्थानीय बागवानों व किसानों की जन समस्याएं भी सुनी और उनके शीघ्र निदान के लिए सम्बन्धित  अधिकारियों को निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर स्थानीय विधायक हीरा लाल, मंडलाध्यक्ष कुन्दन ठाकुर, महामंत्री सोहन लाल शर्मा, खुशी राम ठाकुर, नगर पंचायत उपाध्यक्ष ममता गुप्ता, एसडीएम सुरेन्द्र ठाकुर, अधीक्षण अभियन्ता आईपीएच उपेन्द्र वैद्य, उप निदेशक बागवानी अशोक धीमान, डीएसपी अरूण मोदी, डीएफओ आर.के.शर्मा सहित समस्त अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *