Site icon NewSuperBharat

नशे के विरुद्ध जन आंदोलन खड़ा करने में अहम भूमिका निभाए एबीवीपीः मुख्यमंत्री *****एबीवीपी के 40वें प्रांत अधिवेशन में मुख्यतिथि के रूप में शामिल हुए जय राम ठाकुर


ऊना / 11 नवंबर / राजन चब्बा

राष्ट्र पुनर्निर्माण के लक्ष्य के साथ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) एक देशव्यापी छात्र संगठन के रूप में अपने बहुआयामी और विविध गतिविधियों के साथ समाज के हर पहलू को छू रहा है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने यह बात आज ऊना में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 40वें प्रांत अधिवेशन के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कही।


मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के विरुद्ध जन आंदोलन खड़ा करने में भी एबीवीपी को अहम भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने छात्रों में नशे के इस्तेमाल पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि एबीवीपी को आगे आना चाहिए और समाज में व्याप्त इस बुराई को खत्म करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नई सरकार के गठन के बाद हिमाचल प्रदेश की पहल पर पड़ोसी राज्य पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और राजस्थान इस बुराई पर अंकुश लगाने के लिए संयुक्त रणनीति बनाने को सहमत हुए। प्रदेश सरकार ने कानून को भी सख्त बनाया है, लेकिन सिर्फ कानून का सख्त होना ही समाधान नहीं है बल्कि इस सामाजिक कुरीति के प्रति जागरूकता बढ़नी चाहिए। हर वर्ग को यह बात अच्छी तरह से पता होनी चाहिए कि नशा किस तरह से समाज को खोखला रहा कर रहा है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त एबीवीपी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए भी आगे आना चाहिए।


दुनिया का सबसे बड़ा छात्र संगठन


जय राम ठाकुर ने कहा कि आजादी के बाद इस बात को महसूस किया गया कि छात्रों में राष्ट्रवाद और देश भक्ति की भावना जगाने के लिए एक छात्र संगठन का गठन होना चाहिए। इस प्रकार वर्ष छात्रों की ऊर्जा को राष्ट्रीय पुनर्निर्माण में लगाने के उद्देश्य से 1948 में एबीवीपी अस्तित्व में आई। उन्होंने कहा कि एबीवीपी आज दुनिया का सबसे बड़ा छात्र संगठन बनकर उभरा है। आज एबीवीपी यह सुनिश्चित कर रही है कि छात्र एक ऐसी राष्ट्र शक्ति बनें जो शिक्षा, सार्वजनिक सेवा और लोगों के सशक्तिकरण में अग्रणी भूमिका निभाए तथा समाज के विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए विश्वास के साथ जिम्मेदारी लें। इसके अलावा गर्व से भ्रष्टाचार और राष्ट्र विरोधी ताकतों का सामना भी करें। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश एबीवीपी के कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के लिए राज्य से बाहर भी सराहनीय प्रयास कर रहे हैं।


जीवन के हर पहलू का छू रहा एबीवीपी


मुख्यमंत्री ने कहा कि एबीवीपी ने देश को एक ऐसे छात्र संगठन का उपहार दिया है जो वर्षों के कठिन प्रयासों के बाद बना है तथा जिसने देश और समाज के बारे में युवा पीढ़ी को उत्साहित करने के अथक प्रयास किए हैं और जो युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित कर रहा है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी हमारे जीवन के हर पहलू को छू रहा है और यह केवल छात्र गतिविधियों तक ही सीमित नहीं है।


370 के प्रति जागरूकता में एबीवीपी की भूमिका


जय राम ठाकुर ने कहा कि एबीवीपी ने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के बारे में लोगों को शिक्षित करने में भी एक प्रमुख भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि यह संगठन जम्मू-कश्मीर के छात्रों को मुख्यधारा में जोड़ने का भी कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी ने शिक्षा के बढ़ते व्यवसायीकरण, अवैध बंगलादेशी घुसपैठ, आतंकवाद, माओवादी हिंसा के खिलाफ संघर्ष किया है, जिससे पूरे समाज में जागृति पैदा हुई और ऐसे मामलों में छात्र शक्ति को अपनी भूमिका निभाने के प्रति प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने इस अवसर पर एबीवीपी के अधिवेशन का थीम गीत भी लॉन्च किया।
इस अवसर पर उपस्थित एबीवीपी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुनील आंबेकर ने कहा कि प्रदेश में एबीवीपी सराहनीय सेवाएं दे रही हैं और देश में सर्वश्रेष्ठ है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी ने अपने अस्तित्व के 70 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं और यह देश के प्रमुख छात्र संगठन के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी से जुड़े छात्रों को शिक्षा के अलावा राष्ट्रीयता और देशभक्ति की मशाल को लेकर चलना चाहिए।


सुनील आंबेकर ने कहा कि एबीवीपी के विकास में मुंबई के प्रोफेसर यशवंत राव केलकर ने 1958 से मुख्य भूमिका निभाई गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो एबीवीपी का संगठन है, उसका निर्माण प्रोफेसर केलकर ने किया और इन्हें एबीवीपी का वास्तविक निर्माणकर्ता के रूप में स्वीकार किया जाता है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी राष्ट्रीय एकीकरण के उद्देश्य से कार्यक्रम और योजनाएं तैयार कर चलाती है और सामाजिक चेतना का उपयोग कर आर्थिक और अन्य समस्याओं को हल करती है। उन्होंने कहा आज एबीवीपी सभी विश्वविद्यालयों में, आईआईटी, आईआईएम, महाविद्यालय आदि शिक्षण संस्थानों में सक्रिय है। उन्होंने कहा कि छात्र संगठन की भूमिका केवल छात्रों की मांगों को उठाना ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी अपनी भूमिका को निभाना है।
स्वागत समिति अध्यक्ष आरएम शर्मा ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री व अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, विधायक राजेश ठाकुर, परमजीत सिंह पम्मी, एबीवीपी के प्रांत अध्यक्ष डॉ. सुनील ठाकुर, प्रांत मंत्री राहुल राणा, कौल नेगी, एबीवीपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रोफेसर नागेश ठाकुर, उपाध्यक्ष एचपीएसआईडीसी प्रो. राम कुमार, हिमुडा के उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा, मुख्यमंत्री के ओएसडी महेंद्र धर्माणी, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, कैलाश फैडरेशन के उपाध्यक्ष रवि मेहता, डॉ. नितिन व्यास सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

Exit mobile version