May 3, 2025

अम्बाला शहर में विधिवत हवन पूजा-अर्चना के साथ यहां पर दो कार्यालयों को स्थानांतरित करने के कार्य का शुभारम्भ

0

अम्बाला / 15 जनवरी / न्यू सुपर भारत

अम्बाला शहर के विधायक असीम गोयल नन्यौला ने शनिवार को नवनिर्मित कृषि सदन कार्यालय अम्बाला शहर में विधिवत हवन पूजा-अर्चना के साथ यहां पर दो कार्यालयों को स्थानांतरित करने के कार्य का शुभारम्भ किया। इस मौके पर विधायक ने कहा कि इस नवनिर्मित कृषि सदन का हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा जल्द ही उदघाटन किया जायेगा।

कोविड के चलते एवं नियमों की पालना करते हुए आज दो कार्यालयों को यहां पर स्थापित करने का कार्य किया गया है क्योंकि इन दोनों कार्यालयों की बिल्डिंग काफी जर्जर हालत में थी। इस अवसर पर कृषि विभाग के उप निदेशक डा0 गिरीश नागपाल ने विधायक असीम गोयल का यहां पहुंचने पर स्वागत करते हुए शाल भेंट कर उनका दोनों कार्यालयों के शुभारम्भ के लिए आभार व्यक्त किया।

विधायक असीम गोयल नन्यौला ने इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि इस नवनिर्मित कृषि सदन के बनने से कृषि विभाग से सम्बन्धित जो भी अन्य कार्यालय हैं वे सभी एक ही छत के नीचे होंगे और ऐसा होने से किसानों को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस कृषि सदन भवन में अल्ट्रा मार्डन तकनीकी वीसी रूम भी बनाया गया है जिससे किसानों को काफी लाभ मिलेगा। प्रगतिशील किसान इस वीसी रूम के माध्यम से कृषि की नई-नई तकनीकों एवं विधियों को जान सकेंगे।

यहां पर किसानों के लिए कार्यशाला का आयोजन भी किया जायेगा जिसमें किसान अन्य राज्यों से जुडक़र कृषि क्षेत्र में जो कार्य किए जा रहे हैं उस बारे जानकारी हासिल कर सकेंगे और जो भी उनके कृषि से जुड़े सवाल होंगे उस बारे उन्हें जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि यह कृषि सदन न होकर आधुनिक रिसर्च  सैंटर भी बनेगा जिसमें किसानों को तमाम कृषि संबधी जानकारी मिल सकेगी।

विधायक असीम गोयल ने इस अवसर पर यह भी कहा कि वर्ष 2016 में उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से कृषि सदन के निर्माण करने बारे आग्रह किया था और उन्हें अवगत करवाया था कि इस सदन के बनने से कृषि से सम्बन्धित  सभी कार्यालय एक ही छत के नीचे हो सकेंगे जिससे किसानों को काफी लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने उनकी बात पर सहमति जताते हुए और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए तुरंत इस कार्य के लिए स्वीकृति प्रदान कर दी और आज इसी कड़ी में यह कृषि सदन बनकर तैयार हो चुका है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से वर्षा अधिक होने के कारण कृषि विभाग के दो कार्यालयों की हालत काफी जर्जर हो गई थी और कोई अप्रिय घटना भी हो सकती थी। इसी को देखते हुए आज विधिवत रूप से इन दोनों कार्यालयों को यहां पर स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल इस नवनिर्मित कृषि सदन का विधिवत रूप से उदघाटन करेंगे।

इस मौके पर कृषि विभाग के उप निदेशक डा0 गिरीश नागपाल ने स्थानीय विधायक असीम गोयल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने एक विजन के तहत कृषि संबधी सभी कार्यालय एक छत के नीचे हों, इसके लिए कार्य किया और आज उनका यह सपना साकार हो गया है और नवनिर्मित कृषि सदन बनकर तैयार हो गया है। उन्होंने यह भी बताया कि कृषि  सदन में अभी डीडीए कार्यालय व एपीपीओ कार्यालय स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि इन दोनों कार्यालय की बिल्डिंग काफी जर्जर हो गई थी।

इस अवसर पर कृषि विभाग के उप निदेशक डा0 गिरीश नागपाल, सांख्यकी अधिकारी मनजीत कौर, श्याम लाल, धर्मचंद, शेखर जिंदल, रोशन लाल, सुमेर, मनदीप राणा, विधानसभा संयोजक संदीप सचदेवा, पार्षद हितेष जैन, सुरेन्द्र ढींगरा, गुरविन्द्र सिंह मानकपुर, दिनेश लदाणा, बार एसोसिएशन के प्रधान दिलबाग सिंह दानीपुर, सुरेश सहोता, पूर्णचंद शर्मा, प्रीतम गिल, सौरभ गुप्ता के साथ-साथ अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *