May 1, 2025

हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2022 तक किसानों व बागवानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

0

नालागढ़/07 फरवरी,2021/न्यू सुपर भारत

वर्ष 2022 तक किसानों व  बागवानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं तथा इस दिशा में सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को किसानों ने जमीनी स्तर पर अपनाया है जिसके परिणाम स्वरूप किसानों की आय में निरंतर वृद्धि हो रही है।यह जानकारी ग्रामीण विकास, पंचायती राज कृषि तथा पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने बद्दी में प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा द्वारा प्रदेश व केंद्र सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं तथा कृषि विधेयक 2020 के संबंध में आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा योजना बैठक के समापन अवसर पर संबोधित करते हुए दी।

वीरेंद्र कंवर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा किसानों के हित के लिए पारित कृषि कानून किसानों की खुशहाली के लिए कारगर साबित होंगे। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कुछ राष्ट्र विरोधी ताकतें किसान आंदोलन के नाम पर देश व सरकार को कमजोर करने का षड्यंत्र रच रही हैं जो कभी भी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार प्रदेश के अलग-अलग जिलों में मौसम के अनुसार फसल विविधीकरण को विशेष बल दे रही है ताकि प्रदेश में औषधीय पौधों सहित विभिन्न प्रकार की खेती को बढ़ावा दिया जा सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तर पर भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारी व सदस्यगण सरकार की किसानों व वागवानों के हित के लिए चलाई गई योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकते हैं।इससे पहले प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष डॉ राकेश शर्मा ने ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि तथा पशुपालन मंत्री का स्वागत किया तथा उन्हें अवगत करवाया कि भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश स्तर पर किसानों तथा बागवानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं को आम आदमी तक पहुंचाने के लिए एक विशेष मुहिम शुरू कर रहा है। इस मुहिम के तहत हिमाचल प्रदेश के तीन लाख लोगों तक केंद्रीय कृषि मंत्री का संदेश पत्र पहुंचाया जाएगा तथा उनके हस्ताक्षर प्राप्त कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद संदेश भेजा जाएगा। डॉ राकेश शर्मा ने बताया कि भाजपा किसान मोर्चा की इस राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में प्रदेश व केंद्र सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं के प्रचार व प्रसार के लिए विभिन्न बिंदुओं के बारे में विस्तृत चर्चा की गई।

इस अवसर पर  विधायक दून परमजीत सिंह पम्मी, पूर्व विधायक नालागढ़ के एल ठाकुर, हिमाचल प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सिंह सैनी, जिला परिषद सदस्य अमर चंद, बीडीसी नालागढ़ के उपाध्यक्ष प्रेम चंद ठाकुर,  जिला भाजपा अध्यक्ष आशुतोष वैद्य, जिला भाजपा उपाध्यक्ष बलविंदर ठाकुर, दून भाजपा मंडल अध्यक्ष बलबीर सिंह ठाकुर, पूरब जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ श्रीकांत शर्मा,  भाजपा किसान मोर्चा  प्रदेश अध्यक्ष डॉ राकेश शर्मा, महामंत्री संजीव देषटा, उपाध्यक्ष बलराम बबलू, अरविंद चंदेल, नरेश चौहान व चमन ढडवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हंसराज चंदेल सहित प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के विभिन्न जिलों से लगभग 100 पदाधिकारी व सदस्यगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *