शिमला / 15 जनवरी / न्यू सुपर भारत /
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में आज रात से मौसम फिर करवट बदल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने राज्य के कई भागों में आज से छह दिनों तक बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण यह बदलाव आने की संभावना है। इसके अलावा, राज्य के कई इलाकों में शीतलहर का प्रकोप जारी है, और छह स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया है। ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 13.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 16 और 21 जनवरी को मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं, निचले पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अतिरिक्त, 15 से 19 जनवरी तक निचले पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा, राज्य के मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में 17, 18, 19 और 20 जनवरी को हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, मंडी और शिमला जिले के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन अगले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। 16 जनवरी को निचले पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों के अलावा मध्य क्षेत्रों में ठंडे दिन की स्थिति रहने की संभावना है।