May 2, 2025

प्राकृतिक खेती विषय पर कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

0

फतेहाबाद / 9 फरवरी / न्यू सुपर भारत

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत कार्यरत कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा प्राकृतिक खेती विषय पर एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न गांवों से लगभग 200 से अधिक महिला एवं पुरूष किसानों ने भाग लिया। केन्द्र के मुख्य वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. जोगेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि केन्द्र द्वारा इस वर्ष 3 ग्रामीण स्तरीय हसंगा, चन्द्रावल, जांडली में व तीन खंड स्तरीय गांव बनमन्दोरी, बनगांव व भिरडाना में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी संदर्भ में प्राकृतिक खेती विषय पर केन्द्र प्रांगण में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

केन्द्र के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. तोमर ने किसानों को संबोधित करते हुए बताया कि प्राकृतिक खेती करने से ना केवल हमारा स्वास्थ्य सुधरेगा बल्कि हमारी जमीन की सेहत में भी सुधार होगा व वातावरण भी स्वस्थ होगा। इसे अपनाने से खेती की लागत भी कम होगी। इस परियोजना के नोडल अधिकारी डॉ. औमप्रकाश कम्बोज ने किसानों को संबोधित करते हुए प्राकृतिक खेती में प्रयोग होने वाले विभिन्न फॉर्मुलेशन जैसे जीवामृत, घनजीवामृत, बीजामृत, अग्नि अस्त्र, ब्रह्मास्त्र आदि को तैयार करना व प्रयोग करने की विधियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने सब्जियों एवं बागवानी फसलों में प्राकृतिक खेती करने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. सरदूल मान ने बताया कि प्राकृतिक खेती करने से जितने भी हमारे मित्र कीट है, वह सुरक्षित रहते हैं जो हानिकारक कीटों का प्रबंधन में सहायक होते हैं। उन्होंने प्राकृतिक खेती में कीट व बीमारियों की रोकथाम के लिए नीम व नीम आधारित फॉर्मुलेशन प्रयोग करने के बारे में भी सलाह दी। डॉ. संतोष कुमार ने मिट्टी के स्वास्थ्य सुधार हेतु किसानों को गोबर खाद, केचुंआ खाद, मुर्गी खाद, हरी खाद प्रयोग करने की सलाह दी, ताकि भूमि का जीवांश बढ़ाया जा सके।

डॉ. निर्मल कुमार ने इस समय व आने वाले समय में मौसम सम्बंधित जानकारी दी। इस अवसर पर जिले के प्राकृतिक खेती से जुड़े हुए 21 किसानों को सम्मानित भी किया गया। प्राकृतिक खेती से जुड़े हुए किसानों ने भी अपने सुझाव व विचारों का आदान-प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. सुशील कुमार ने आए हुए सभी किसानों का धन्यवाद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *