Site icon NewSuperBharat

अनुराग सिंह ठाकुर ने किया राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव का शुभारंभ

हमीरपुर / 15 मार्च / न्यू सुपर भारत

सुजानपुर का ऐतिहासिक चार दिवसीय राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव-2022 मंगलवार से आरंभ हो गया। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने सायं लगभग पांच बजे सुजानपुर के ऐतिहासिक मुरली मनोहर मंदिर में पूजा-अर्चना और भव्य शोभा यात्रा के साथ उत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने मेले में लगाई गई विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉलों का भी उदघाटन किया। इसके बाद अनुराग सिंह ठाकुर ने दीप प्रज्जवलन के साथ होली उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया और सभी प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उपायुक्त एवं होली उत्सव आयोजन समिति की अध्यक्ष देबश्वेता बनिक ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा उत्सव के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

पहली सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश पुलिस के मशहूर ऑर्केस्ट्रा ‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’ और सारेगामापा फेम पायल ठाकुर के अलावा हिमाचल के अन्य लोक कलाकारों ने भी कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, जिला भाजपा अध्यक्ष बलदेव शर्मा, एचआरटीसी अध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के समन्वयक नवीन शर्मा, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अजय राणा, मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ठाकुर, उपायुक्त देबश्वेता बनिक, एसपी डॉ. आकृति शर्मा, एडीएम जितेंद्र सांजटा, एएसपी विजय सकलानी, एसडीएम हरीश गज्जू, सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल, अन्य अधिकारी, नगर परिषद के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

Exit mobile version