Site icon NewSuperBharat

निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए प्रशासन तैयार : डीसी

झज्जर / 09 अक्टूबर / न्यू सुपर सुपर

झज्जर जिला में पंचायती राज संस्थाओं के छठे आम चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 14 अक्टूबर से आरंभ होगी। जिला में जिला परिषद के 18, सात पंचायत समितियों नामत: बहादुरगढ़, झज्जर, बेरी, बादली, मातनहेल, साल्हावास व माछरौली के 137  सदस्यों के लिए 30 अक्टूबर तथा सरपंच के 247 पदों व पंच के 2639 पदों के लिए दो नवंबर को मतदान होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन की ओर से चुनाव को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से कराने की तैयारी की जा चुकी है। जिला में पंचायती राज संस्थाओं की मतदाता सूची में दर्ज 588795 मतदाता चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। मतदान प्रक्रिया के लिए जिला में 715 मतदान केंद्र बनाए गए है।  

21 अक्टूबर को नामांकन वापसी के उपरांत आवंटित होंगे उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि जिला में 14 अक्टूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। वहीं 19 अक्टूबर नामांकन का अंतिम दिन होगा।

नामांकन पत्रों की छंटनी (स्क्रूटनी) 20 अक्टूबर को होगी। निर्वाचन प्रक्रिया में नामांकन वापसी 21 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक की जा सकेगी। इसी दिन नामांकन वापसी की समय सीमा के उपरांत उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित और चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।

जिप-पं.स के लिए 30 अक्टूबर, पंच-सरपंच के लिए दो नवंबर को होगा मतदान
डीसी ने बताया कि पंचायत समिति सदस्यों व जिला परिषद सदस्यों के लिए जिला में 30 अक्टूबर को मतदान होगा। वहीं सरपंच व पंच पदों के लिए 2 नवंबर मतदान के लिए निर्धारित किया गया। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। यदि किसी जिला परिषद सदस्य व पंचायत समिति सदस्य के लिए दोबारा मतदान (रि-पोल) होता है तो वह 2 नवंबर को करवाया जाएगा।

साथ ही किसी सरपंच व पंच पद के लिए दोबारा मतदान (रि-पोल) होता है तो वह 4 नवंबर को होगा। सरपंच व पंच पद के नतीजे उसी दिन चुनाव के बाद घोषित कर दिए जाएंगे जबकि जिला परिषद सदस्यों व पंचायत समिति सदस्यों के नतीजे सभी चरणों का चुनाव पूरा होने के बाद घोषित किए जाएंगे।

जिला परिषद के 18 व सात पंचायत समितियों के 137 सदस्यों के लिए होगा चुनाव
उन्होंने 18 सदस्यीय जिला परिषद के वार्डों में विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधित्व की जानकारी देते हुए बताया कि जिला में अनुसूचित जाति के लिए निर्धारित तीन में से दो वार्ड महिलाओं के अलावा व एक वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। वहीं पिछड़ा वर्ग क श्रेणी के लिए महिलाओं के अलावा एक वार्ड आरक्षित है।

सामान्य वर्ग के 14 वार्डों में सात महिलाओं के लिए व सात महिलाओं के अलावा निर्धारित है। इसी तरह सात पंचायत समितियों के 137 वार्ड में अनुसूचित जाति के लिए निर्धारित 25 वार्ड में महिलाओं के अलावा 14 व महिलाओं के लिए 11 वार्ड आरक्षित है। पिछड़ा वर्ग क श्रेणी के लिए निर्धारित 9 वार्ड में महिलाओं के अलावा चार व महिलाओं के लिए पांच वार्ड आरक्षित है। उन्होंने सामान्य वर्ग के 103 वार्ड में महिलाओं के अलावा 54 व महिलाओं के लिए 49 वार्ड निर्धारित किए गए है।

सरपंच के 247 व पंचों के 2639 पदों में इस प्रकार मिलेगा प्रतिनिधित्व
इसी तरह जिला की 247 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए अनुसूचित जाति वर्ग के लिए निर्धारित 46 पंचायतों में महिलाओं के अलावा 26 व महिलाओं के लिए 20 पद आरक्षित है। इसी तरह पिछड़ा वर्ग क श्रेणी के लिए निर्धारित 20 पदों में महिलाओं के अलावा 8 व महिलाओं के लिए 12 पद आरक्षित है। सामान्य वर्ग के 181 पदों में महिलाओं के अलावा 94 व महिलाओं के लिए 87 पद निर्धारित है।

उन्होंने जिला की सभी पंचायतों में पंच के 2639 पदों की जानकारी देते हुए बताया कि अनुसूचित जाति वर्ग के लिए निर्धारित 503 पदों में महिलाओं के अलावा 254 व महिलाओं के लिए 249 तथा पिछड़ा वर्ग क श्रेणी के 235 पदों में महिलाओं के अलावा 126, महिलाओं के लिए 109 पद आरक्षित किए गए है। वहीं सामान्य वर्ग के कुल 1901 पदों में महिलाओं के अलावा 978 व महिलाओं के लिए 923 पद आरक्षित किए गए है।

Exit mobile version