शिमला / 23 सितम्बर / न्यू सुपर भारत
आपदा की मुश्किल घड़ी में हिमाचल प्रदेश के लिए आमिर खान ने मदद का हाथ आगे बढ़ाया है। बॉलीवुड एक्टर आमिर खान ने हिमाचल प्रदेश को 25 लाख रुपए का अंशदान मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष-2023 में दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आमिर खान के इस सहयोग के लिए उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
बॉलीवुड इंडस्ट्री की तरफ से आमिर खान ने मदद की शुरुआत की है। हिमाचल प्रदेश की जनता को अन्य बॉलीवुड सितारों से भी मदद की उम्मीद है। हिमाचल प्रदेश से ही संबंध रखने वाले कलाकारों की तरफ भी उम्मीद भरी निगाह से प्रदेश की जनता देख रही है।
हिमाचल प्रदेश जैसे छोटे से राज्य से संघर्ष कर कई अभिनेताओं ने देश-दुनिया में अपना नाम रोशन किया, जिस पर समस्त हिमाचल को गर्व है। अब इस संकट की घड़ी में हिमाचल प्रदेश की जनता इन मशहूर सितारों से भी मदद की उम्मीद कर रही है. बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत, प्रीति जिंटा, यामी गौतम, अभिनेता अनुपम खेर, बॉलीवुड प्ले बैक सिंगर मोहित चौहान और टीवी स्क्रीन का जाना-पहचाना चेहरा रुबीना दिलैइक हिमाचल से ही संबंध रखते हैं।