May 2, 2025

850 शिक्षा संस्थानों को उत्कृष्टता संस्थान के रूप में किया विकसित : पठानिया

0

शाहपुर / 15 दिसंबर / न्यू सुपर भारत /

उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए 850 संस्थानों को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित किया है। शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के 15 हजार पदों को भरने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। शिक्षकों के 3,200 पद बैचवाइज भरे गए हैं जबकि 2,800 से अधिक पद राज्य चयन आयोग के माध्यम से भरे जा रहे हैं। रविवार को राजकीय उच्च पाठशाला  डढंब के वार्षिक उत्सव में बतौर मुख्यातिथि उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि राज्य के विद्यार्थी पूर्व सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा भुगत रहे हैं और इसे सुधारने के लिए वर्तमान सरकार कड़ी मेहनत कर रही है।

मंत्रिमंडल की बैठक में पीजीटी शिक्षकों के 700 पद और एनटीटी के 6200 पद भरने की मंजूरी दी है जिसकी भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। विद्यार्थियों को समावेशी शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए शैक्षणिक सत्र के बीच शिक्षकों के तबादलों पर प्रतिबंध लगाया गया है। सीधी भर्ती के अलावा पदोन्नति के माध्यम से भी हजारों पद भरे गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने 120 कॉलेज प्रिंसिपल और 483 सहायक प्रोफेसरों की नियुक्ति की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से ही अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई का अपना चुनावी वायदा भी पूरा किया है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अत्याधुनिक तकनीक से लैस राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने विधवा, निराश्रित, परित्यक्त और विकलांग महिलाओं के बच्चों की शिक्षा और कल्याण के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना’ भी शुरू की है। इस योजना के लिए 53.21 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। 15,181 स्कूलों में ‘बाल पौष्टिक आहार योजना’ शुरू की गई है जिससे 5.34 लाख बच्चों को अंडे, फल जैसे अतिरिक्त पोषण का लाभ मिला है। प्रदेश सरकार ने इस पहल के लिए 12.75 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इससे पहले हेडमास्टर जयंत ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए तथा मुख्यातिथि ने मेधावी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।इस अवसर पर एस एम सी प्रधान सुनीता देवीमहिला कांग्रेस महासचिव रीना पठानिया  उप प्रधान इंद्रजीत उपस्थित थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *